त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों पर नजर रखेगी ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’
पंचकूला, 5 अक्टूबर (कपिल)- त्योहारों के सीजन के दौरान लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ मोबाइल वैन शुरू की गई है। यह वैन मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों और मिठाइयों के सैंपल लेगी तथा उनकी जांच कर मौके पर ही रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाएगी। पंचकूला के जिला सचिवालय में पहुंची मोबाइल वैन का एसडीएम मन्नत राणा ने निरीक्षण किया। उन्होंने वैन में उपलब्ध जांच सुविधाओं और इसके काम करने के तरीके के बारे में जानकारी ली।
बताया गया कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसी पांच मोबाइल वैन शुरू की गई हैं, जो विभिन्न जिलों को कवर करेंगी। अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दिनों में मिलावटी या घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नजर रखना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। किसी भी व्यक्ति को खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह या शिकायत होने पर मोबाइल वैन के माध्यम से सैंपल की जांच करवाई जा सकती है। नवरात्रों की शुरुआत के मौके पर इस अभियान को औपचारिक रूप से शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।

