ईरान युद्ध पर घिरे रक्षा मंत्री हेगसेथ: डेमोक्रेट्स-रिपब्लिकन ने मांगा इस्तीफा, ट्रंप बोले- पद पर बने रहेंगे
न्यूयॉर्क, 5 नवंबर - अमेरिका में मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ निशाने पर हैं। डेमोक्रेट्स के साथ रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सांसद भी उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, ट्रंप ने गुरुवार को साफ कहा कि वह हेगसेथ को पद पर बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि लोग हेगसेथ को हटाने की मांग क्यों कर रहे हैं। दूसरी ओर, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार के पीछे ईरान युद्ध को बड़ी वजह बताया है।
अमेरिका के 2026 मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी दोनों सदनों में नियंत्रण हासिल करने की स्थिति में पहुंच गई है। अमेरिकी मीडिया संस्थानों के अनुमानों के मुताबिक, डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत हासिल कर सकते हैं। इस नतीजे से ट्रंप प्रशासन के सामने राजनीतिक चुनौतियां बढ़ गई हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया, 'पीट हेगसेथ अब तक पद पर क्यों हैं?' कोलोराडो से सांसद और हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के सदस्य जेसन क्रो ने हेगसेथ को अक्षम बताया। उन्होंने कहा कि पेंटागन में उनका हर दिन अमेरिकी सैनिकों के लिए खतरा बढ़ाता है। न्यूयॉर्क के सांसद और पूर्व सैन्य खुफिया अधिकारी पैट्रिक रयान ने भी कहा कि डेमोक्रेट्स के बहुमत में आने के बाद पहला काम हेगसेथ को हटाना होना चाहिए।

