पानी के बाहर लंबे समय तक जीवित रहने वाली निवटा मछली

निवटा एक अद्भुत समुद्री मछली है। इसे कीचड़ की नर्तक मछली भी कहा जाता है। अंग्रेजी में निवटा को मडस्कीपर कहते हैं। निवटा विश्व के अनेक उष्णकटिबंधीय और समशीतोष्ण सागरों में पायी जाती है। यह पश्चिमी अफ्रीका के सागर तटों से लेकर दक्षिण-पूर्वी एशिया और दक्षिण-पश्चिमी प्रशांत महासागर के तटों तक पायी जाती है। निवटा पश्चिम अफ्रीका के उत्तर में सहारा के सागर तटों पर और दक्षिण में नामीबिया के सागर तटों पर मिलती है। पूर्वी अफ्रीका में इसे ईस्ट लंदन के सागर तटों से लेकर लाल सागर तक एवं यहां से हिंद महासागर के तटों तक तथा इंडोआस्ट्रेलिया क्षेत्रों के बहुत से सागर तटों पर देखा जा सकता है। निवटा भारतीय सागर तटों पर भी पाई जाती है। यह भारत के पूर्वी और पश्चिमी घाट के मुहानों वाले भागों में बहुतायत से मिलती है।
मैंग्रोव निवटा सागर के किनारे के उष्णकटिबंधीय वनों में ऐसे भागों में रहती है, जहां कीचड़ हो। एक ही स्थान पर मैंग्रोव निवटाओं की संख्या सैकड़ों, हजारों में हो सकती है। मैंग्रोव निवटाओं की एक प्रमुख विशेषता यह है कि यह अपना सीमाक्षेत्र बनाती है तथा समय-समय पर एक विशेष ढंग से अपने सीमाक्षेत्र की सुरक्षा के लिए शक्ति प्रदर्शन करती है। सामान्य निवटा भी मैंग्रोव निवटा के समान सागर के निकट के उन उष्णकटिबंधीय वनों में पायी जाती है, जो बहुत अधिक कीचड़ अथवा दलदल वाले हों। इसके साथ ही यह छोटी-छोटी खाड़ियों में भी बहुत बड़ी संख्या में देखने को मिल जाती है। मुम्बई के आसपास के सागर तटों पर इसकी संख्या बहुत अधिक है। यहां पायी जाने वाली निवटा लगभग 20 सेंटीमीटर लंबी होती है। सामान्य निवटा पानी में अपनी पूंछ हिलाकर सामान्य समुद्री मछलियों की तरह तैरती है। सागर की सतह पर तैरते समय इसका सिर हमेशा पानी के बाहर निकला रहता है। उष्णकटिबंधीय वनों के दलदल अथवा कीचड़ में रहने वाली निवटा प्राय: वृक्षों पर चढ़ जाती है। सागर में ज्वार आने पर प्राय: कीचड़ वाले भाग पूरी तरह ढंक जाते हैं, अत: यह पहले तो सतह पर आ जाती है और फिर आसपास के पौधों के तनों अथवा शाखाओं पर चढ़कर आराम करती है। ज्वार के लौट जाने पर यह पुन: कीचड़ में लौट आती है और कीचड़ में एक अस्थायी मांद बनाकर उसमें विश्राम करती है। इसके पेट के मीनपंख चूषक (सकर) की तरह कार्य करते हैं। इन्हीं की सहायता से यह वृक्षों पर चढ़ती है। निवटा सागर के किनारे के दलदल अथवा कीचड़ में रहने वाली एक विलक्षण मछली है। यह भाटे के समय सागर में लौट जाने के स्थान पर खुले हुए कीचड़ में ही रह जाती है तथा अपनी छाती के मीनपंखों की सहायता से कीचड़ पर तेजी से चलती-फिरती है। निवटा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह सीधे हवा से सांस ले सकती है तथा पानी के बाहर एक लंबे समय तक जीवित रह सकती है। निवटा एक मछली है, किंतु अपना अधिकांश समय यह पानी के बाहर व्यतीत करती है। यह पानी के बाहर सरलता से रह सकती है, क्योंकि यह सीधे हवा से सांस लेती है, फिर भी इसके लिए पानी आवश्यक है। यही कारण है कि यह भाटे के समय भी सागर के किनारे बने खारे पानी के जल कुंडों में अवश्य जाती है। निवटा को जीवित रहने के लिए इसके शरीर का नम रहना आवश्यक है। निवटा अपना शरीर नम रखने के लिए अपनी छाती के मीनपंखों का उपयोग करती है। यह चट्टानी जलकुंडों में जाकर अपनी छाती के मीनपंखों से अपने शरीर पर पानी छिड़कती है, जिससे इसकी त्वचा गीली हो जाती है और कुछ समय तक नम बनी रहती है। निवटा की आंखों को भी सुचारु रूप से काम करने के लिए नमी की आवश्यकता होती है। निवटा अपनी आंखों को बड़े विचित्र ढंग से नम करती है। यह बार-बार अपनी आंखों को खींचकर बाहर निकालती है, साफ करती है और छाती के मीनपंखों से पानी छिड़ककर नम करती है।
निवटा का समागम व प्रजनन बड़ा रोचक आकर्षक और दर्शनीय होता है। सामान्यतया नर और मादा दोनों ही देखने में एक जैसे लगते हैं। मादा निवटा मछली मांद के भीतर ही अंडे देती है। यह एक बार में एक हजार से लेकर पांच हजार तक अंडे दे सकती है। निवटा मछली के अंडे मांद की दीवारों पर चिपके रहते हैं। इनमें, मादा अंडे देने के बाद चली जाती है तथा नर अंडों की रक्षा करता है। निवटा के अंडे कुछ समय बाद परिपक्व होकर फूटते हैं तथा इनसे छोटे-छोटे बच्चे निकल आते हैं। इसके नवजात बच्चे आरंभ में कीचड़ के भीतर बनी मांद में ही रहते हैं और अंडों के भीतर का बचा हुआ योल्क खाते हैं। ये कुछ ही दिनों में बड़े हो जाते हैं और स्वतंत्रा रूप से विचरण करना आरंभ कर देते हैं। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#पानी के बाहर लंबे समय तक जीवित रहने वाली निवटा मछली