अमृतसर को 100 करोड़ जारी करने की होगी कोशिश : कैप्टन

अमृतसर, 21 फरवरी (गगनदीप शर्मा) : अमृतसर नगर-निगम को 100 करोड़ से अधिक राशि जारी करने की पूरी कोशिश होगी ताकि गुरुओं-पीरों द्वारा बसाई गई इस पावन धरती का सर्वपक्षीय विकास किया जा सके। यह बात पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने निगम कार्यालय के बैठक हाल में कही। ऐसा पहली बार हुआ है जब राज्य का कोई मुख्यमंत्री नगर-निगम कार्यालय में पहुंचा  हो। निगम कार्यालय पहुंचने  पर मेयर करमजीत सिंह रिंटू, निगम कमिश्नर मैडम सोनाली गिरी, संयुक्त कमिश्नर सौरभ अरोड़ा द्वारा गुलदस्ता भेंट करके उनका भव्य स्वागत किया गया। मीटिंग हाल में एक बार फिर से अपने और अपने साथियों की तरफ से कैप्टन अमरेन्द्र सिंह का स्वागत करते हुए मेयर रिंटू ने कहा कि उन पर विश्वास दिला कर मेयर रूप जो मान बख्शा गया है, उसका कर्ज वह सारी उम्र नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि 2002 में गुरुनगरी के विकास के लिए जो प्रोजैक्ट लाए गए थे, वह इन-बिन चल रहे हैं। मगर 2007-2017 तक अकाली-भाजपा के कार्यकाल दौरान कई धांधलियां हुई। अपने चहेतों को ही ठेके दे दिए गए। इस कारण निगम की आर्थिक स्थिति पटरी से उतर गई। निगम की वार्षिक आमदन है 20 करोड़ जिसमें से करीब 17.50 करोड़ रुपए निगम के अधीन कार्यरत 1740 अधिकारियों व कर्मियों के वेतन जारी करने में ही निकल जाता है। अपनी बात को विराम लगाने से पहले उन्होंने कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से मांग की कि गुरु नगरी के विकास के लिए उन्हें 100 करोड़ रूपए ग्रांट के रूप से नहीं बल्कि लोन के रूप में दिए जाएं। नवजोत सिंह सिद्ध ने कहा कि कैप्टन साहिब जो मर्जी हो जाए आस/विश्वास की राजनीति पर खरे उतरते हुए वह अमृतसर के विकास के लिए वह 100 करोड़ रुपए जारी करवा कर ही रहेंगे। स. सिद्धू ने कहा कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह राज्य के पहले मुख्यमंत्री है, जो पंजाब की किसी नगर-निगम में पहुंचे  हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि गुरु नगरी का सर्वपक्षीय विकास उनकी प्राथमिकता है जिसके मद्देनज़र 100 करोड़ नहीं बल्कि इससे अधिक राशि उपलब्ध करने की कोशिश की जाएगी। इस मौके पर अमृतसर से लोक सभा सदस्य गुरजीत सिंह औजला, ओम प्रकाश सोनी, सुनील दत्ती, डॉ. राज कुमार वेरका (सभी विधायक) सहित समूह पार्षद भी मौजूद थे।