‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ कार्यक्रम के साथ-साथर् समाज में ‘बेटा समझाओ’ कार्यक्रम चलाने की भी ज़रुरत : सांपला



होशियारपुर, 13 मार्च (नरेन्द्र मोहन शर्मा) : महिला दिवस को समर्पित भारत गौरव सामाजिक संस्था की तरफ से एक सैमीनार का आयोजन किया गया। जिसके तहित माता सीता से कल्पना चावला तक तथा चरित्र निर्माण में महिलाओं की सामाजिक भूमिका विषय पर चर्चा की गई। भारत गौरव के चेयरमैन विजय सांपला के मार्गदर्शन में करवाए गए सैमीनार में दिव्य ज्योति संस्था की साध्वी तृप्दा देवी, प्रिंसीपल देसराज शर्मा तथा परमजीत कौर लांडरा मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए। समागम की शुरुआत विजय सांपला ने दीप प्रज्जवलित करके की। समागम को संबोधन करते हुए भारत गौरव महिला विंग की संयोजक व पार्षद नीति तलवाड़ ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। अगर समाज ने महिलाओं का सम्मान न किया तो समाज में एक ऐसी विकृति आ जाएगी जिसको दूर करना किसी के बस की बात नहीं होगी।  सैमीनार को संबोधित करते हुए विजय सांपला ने कहा कि ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ कार्यक्रम के साथ समाज में ‘बेटा समझाओ’ कार्यक्रम चलाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि आज लड़कियां किसी से कम नहीं है लेकिन फिर भी समाज में लड़कियों के साथ होने वाली दुष्कर्म की घटनाएं हमारे समाज पर समय समय पर कलंक लगाती रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं के प्रति हमने अपना दृष्टिकोण न बदला तो समाज हमें कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। सैमीनार को संबोधित करते हुए साध्वी तृप्दा भारती ने कहा कि हम सब आज इस सैमीनार को शुरु करने से पहले भारत माता की जय का उद्घोष कर रहे हैं जबकि भारत शब्द एक पुल्लिंग है और माता स्त्रीलिंग है। इसका तात्पर्य यह है कि भारत शब्द तभी सार्थक है जब इसके साथ माता शब्द आता है माता अपने आप में एक सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जहां स्त्री की पूजा होती है वहीं देवता निवास करते है। इस मौके पर परमजीत कौर लांडरा ने कहा कि लड़कियों के प्रति सोच बदलने के लिए अभी भी बहुत से प्रयास करने की जरुरत है। आज घिनौनी बात यह है कि दुष्कर्म करने वाले पीड़ित लड़कियों के करीबी रिश्तेदार होते हैं। हमारे समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। प्रिंसीपल देसराज शर्मा ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे वह समाज में महिलाओं की महत्वत्ता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर सुदेश सांपला, भाजपा उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना की धर्म पत्नी मीनाक्षी खन्ना, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष मोना जसवाल, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी दर्शन कौर, सर्बजीत कौर, जवाहर खुराना, विजय अग्रवाल, बीजेपी जिला प्रधान डा. रमन घई, अविनाश राय खन्ना के राजनीतिक सचिव संजीव तलवाड़, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष उमेश शाकर, हेमा शर्मा, सांपला के निजी सचिव भारत भूषण वर्मा, साहिल सांपला, सहित भारी संख्या में महिला शक्ति उपस्थित थी। इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।