राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के निर्णायक मंडल का नेतृत्व करेंगे शेखर कपूर

नई दिल्ली, 28  मार्च (भाषा) : मशहूर फिल्म निर्देशक शेखर कपूर को 65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की केंद्रीय समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। शेखर कपूर ‘मिस्टर इंडिया’ एवं ‘मासूम’ जैसी सफल हिंदी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ से उन्हें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति मिली। उनकी हॉलीवुड फिल्म ‘एलिजाबेथ’ आस्कर पुरस्कार के लिए नामांकित हो चुकी है। केंद्रीय समिति में एक प्रमुख और दस दूसरे सदस्य होते हैं जिनमें पांच क्षेत्रीय प्रमुख शामिल हैं जो संबंधित क्षेत्रीय समितियों का नेतृत्व करते हैं। सूत्रों के अनुसार ‘अस्तित्व’ (2000) और ‘परिंदा’ (1989) जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले फिल्म लेखक इम्तियाज हुसैन दक्षिण 1 समिति के क्षेत्रीय प्रमुख होंगे। 1995  में आई तमिल रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘बांबे’ के हिंदी (डब्ड) संस्करण के लिए गीत लिखने वाले महबूब को दक्षिण 2 समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है। तमिल फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जानी वाली अभिनेत्री गौतमी तडिमाला उत्तरी समिति की क्षेत्रीय प्रमुख होंगी।