रेनबो ट्री...

दोस्तो! तुम्हें जानकर अचरज होगा अफ्रीका के जंगलों में ‘रेनबो’ नामक ऐसा पेड़ है, जिसमें बरसात के दिनों सतरंगी फूल खिलते हैं। इन फूलों में बिल्कुल इन्द्र धनुष जैसे रंग होते हैं। यह फूल ‘सूरजमुखी’ के फूल की भांति होता है, इसमें सात पंखुड़ियां सात रंगों की होती हैं। ये फूल सिर्फ रात्रि में ही महकते हैं। इन फूलों की उम्र 6-7 दिनों की होती है। रेनबो पेड़ की औसतन ऊंचाई 15 से 20 फुट तक होती है। इसकी शाखाएं घनी और पत्तियां गोल-गोल होती हैं। इस पेड़ की विशेषता है-इसके नीचे विश्राम करने से सदा नमी-युक्त ठंडक महसूस होती है। इस पेड़ की शाखाओं में 5-6 इंच लम्बे छेड़ करने से गोंद भी मिलता है। यह गोंद शरीर को मज़बूत बनाता है। त्वचा को चिकनी करता है तथा शरीर के कई रोग भी दूर करता है। जुलाई के प्रथम या दूसरे सप्ताह से ही इस पेड़ में छोटी-छोटी सफेद कलियां बनना शुरू होती हैं। जो 10-12 दिन उपरान्त धीरे-धीरे खिलकर ‘सतरंगे पुष्प’ में परिवर्तित होने लगती हैं। बरसात अधिक होने पर फूल भी अधिक मात्रा में खिलते हैं। जब पेड़ सतरंगे फूलों से भरपूर लद जाता है, तब पेड़ का नज़ारा सचमुच बड़ा हसीन दिखाई देता है। इन फूलों की पंखुड़ियों से प्राकृतिक रंग भी तैयार किये जाते हैं, जो कई औषधियों व शर्बतों में मिलाये जाते हैं, ये रंग सेहत के लिए फायदेमंद भी होते हैं।

-कमल सोगानी