जन्मदिन पार्टी बनी जंग का मैदान


चंडीगढ़, 20 नवम्बर (रणजीत सिंह) : चंडीगढ़ सांसद किरण खेर के राजनीतिक सलाहकार सहदेव सलारीया की गत सोमवार रात जन्मदिन पार्टी थी। यह पार्टी सैक्टर-26 स्थित एक डिस्को थेक में रखी गई थी और इस पार्टी में कई राजनैतिक लोग भी शामिल थे। लेकिन कुछ समय बाद ही जन्मदिन पार्टी जंग का मैदान बन गई और दो गुटों के आपसी झगड़े दौरान डिस्को थेक में अचानक गोलियां चलने लगी। इस वारदात में तीन लोगों के गंभीर घायल होने का समाचार सामने आया है। इन घायलों में एसडी कॉलेज सैक्टर-32 का पूर्व प्रधान भी शामिल है। जानकारी अनुसार सैक्टर-26 स्थित एफ बार नामक डिस्को थेक में सांसद किरण खेर के राजनीतिक सलाहकार सहदेव सलारीया ने अपने जन्मदिन की पार्टी पर कई राजनैतिक लोगों को आमंत्रित किया हुआ था। जिसमें नगर निगम मेयर देवेश मोदगिल भी पार्टी में शामिल हुए थे। इसके अलावा शहर के नामचीन लोग भी इस जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। जानकारी अनुसार जन्मदिन मनाने वाले सहदेव सलारीया भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य होने के साथ-साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के सह- प्रभारी भी हैं। जन्मदिन पार्टी की रात करीब 12:10 बजे पार्टी में शामिल दो गुटों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। इस दौरान पार्टी में आए रिंकू और चेतन मुंजाल नाम के दो युवकों ने पिस्तौल निकालकर गोलियां चला दी। जिनमें से एक गोली वर्ष 2015 दौरान एसडी कॉलेज के पूर्व प्रधान रहे 24 वर्षीय जयदीप सिंह को जाकर लगी जबकि दूसरी गोली लगने कारण जोगेश्वर नाम का युवक भी घायल हो गया। लेकिन इसी जन्मदिन पार्टी में शामिल पंकज जाखड़ नाम के युवक पर भी हमला हुआ और इस हमले में उसके सिर व हाथों पर गंभीर चोटें लगी थी। जबकि पंकज जाखड़ के सिर पर इलाज दौरान टांके भी लगाए गए हैं। इसके अलावा झगड़े दौरान दीपक कुंडू नाम का युवक भी घायल हुआ है। इन सभी को प्राईवेट वाहनों की मदद से सैक्टर-32 के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। जबकि जयदीप गंभीर घायल होने के कारण उसको पंचकूला के प्राईवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस वारदात के बाद करीब 1 बजकर 10 मिनट पर पुलिस को सूचित किया गया था। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुलिस टीम ने घटना स्थल पर चले हुए कारतूस सहित एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। जबकि डिस्को थेक एफ. बार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फूटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है। जिसके आधार पर सैक्टर-26 थाना पुलिस की टीम ने राजेश पासवान, चेतन मुंजाल, रिंकू, रोहित सूद और अर्जुन नाम के युवक खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 506, 34 सहित आर्मज एक्ट-25-54-59 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।