फिर से सामान्य जीवन जीने के लिए मशक्कत कर रही हैं विंता नंदा

मुंबई, 6 दिसम्बर (भाषा) : अभिनेता आलोक नाथ पर दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली लेखिका-निर्देशक विंता नंदा ने कहा है कि वह अब फिर से सामान्य जीवन जीने के लिए मशक्कत कर रही हैं। नंदा ने ‘मी टू अभियान’ में शामिल होते हुए 8 अक्तूबर को फेसबुक पर एक पोस्ट कर अपने कथित यौन उत्पीड़न का ब्यौरा दिया था। अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा अभिनेता नाना पाटेकर पर आरोप लगाने के बाद विंता ने यह कदम उठाया था।  विंता ने कहा कि एक प्रेरक माहौल बना था  ‘मुझे भरोसा था मेरी बात सुनी जायेगी क्योंकि तनुश्री ने जो शुरू किया था, उससे मी टू अभियान ने जोर पकड़ा था। मैं उन्हें (तनुश्री को) पूरा श्रेय देना चाहूंगी क्योंकि उन्होंने बहुत बड़े लोगों के खिलाफ अपनी बात कही।’ उन्होंने मुंबई में आयोजित एक समारोह में एक परिचर्चा में यह कहा। विंता ने कहा कि यौन उत्पीड़न के बारे में सोशल मीडिया पर लिखने के बाद वह ‘सोने चली’ गईं। जब जगी तो पाया कि चीजें अब पहले जैसी कभी नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा, ‘मैंने पाया कि अब मैंने यह (यौन उत्पीड़न का खुलासा) कर दिया। अब मुझे इसके साथ ही जीना है। मैं अब फिर से सामान्य जीवन जीने के लिए मश्क्कत कर रही हूं।’ बीते महीने, मुंबई पुलिस ने विंता की शिकायत पर नाथ के खिलाफ दुष्कर्म का एक मामला दर्ज किया था। नाथ पर आई.पी.सी. की धारा 376 (दुष्कर्म) लगाई गई है। हालांकि, नाथ ने इन आरोपों से इंकार किया है और उनके खिलाफ मानहानि का मुकद्दमा दर्ज कर क्षतिपूर्ति के तौर पर एक रुपए की मांग की है।