भाजपा से ऊबी जनता बदलाव की पक्षधर : प्रियंका

प्रयागराज,18 मार्च (वार्ता) : गंगा यात्रा के ज़रिए जनता के दिल में जगह बनाने निकली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की जनता केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से ऊब चुकी है और खुद के हितों की रक्षा के लिये बदलाव की पक्षधर है। प्रयागराज से वाराणसी की तीन दिवसीय जल मार्ग यात्रा के पहले पड़ाव सिरसा में प्रियंका ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आप हैं तो हम हैं, हम आप से हैं, आप हमसे नहीं। आप अपने लिए सरकार चुनिए। देश आपका है, देश की हिफाजत आप करेंगे, देश की जिम्मेदारी आप की है। पार्टी महासचिव ने कहा कि मौजूदा सरकार चार या पांच लोगों द्वारा चलाई जा रही है जिन्होंने सोचा था कि वे जो चाहेंगे वह कर सकते हैं, लेकिन यह उनकी भूल है।