पेड़ की टहनी हिलाने से फल नीचे क्यों गिरते हैं ?

दिल्ली से गाजियाबाद जाने के लिए मैं ट्रेन में सवार हुआ। काफी भीड़ थी, बैठने के लिए जगह नहीं थी, इसलिए मैं बीच में एक जगह खड़ा हो गया। जैसे ही ट्रेन आगे को बढ़ने लगी तो मुझे अचानक पीछे की ओर धक्का लगा। अन्य सवारियों के साथ भी यही हुआ। लेकिन सवाल यह है कि ऐसा क्यों हुआ? 
दरअसल, ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मेरे शरीर का निचला हिस्सा ट्रेन के करीबी संपर्क में था। जब ट्रेन चलने लगी तो मेरे जिस्म का निचला हिस्सा एकदम गति में आ गया, लेकिन उसी समय ऊपरी हिस्से ने आराम की स्थिति में होने के कारण गति को शेयर नहीं कर सका, नतीजतन शरीर का निचला हिस्सा आगे बढ़ गया और पिछला हिस्सा पीछे रह गया। इसलिए मुझे पीछे की ओर धक्का लगा। 
गौरतलब है कि मेरे शरीर का ऊपरी हिस्सा आराम की स्थिति में इनर्शिया ऑफ रेस्ट यानी आराम की जड़ता के कारण था। अगर कोई वस्तु आराम में है तो वह आराम में ही रहेगी जब तक की उसकी स्थिति को बदलने के लिए बाहरी बल का प्रयोग न किया जाये। वस्तु के इस गुण को इनर्शिया ऑ़फरेस्ट या आराम की जड़ता कहते हैं। इस बात को बेहतर समझने के लिए आप निम्न प्रयोग कर सकते हैं।
एक खाली गिलास, एक सिक्का और एक चिकना ताश का पत्ता लें। गिलास को ताश के पत्ते से ढक दें और उसके ऊपर सिक्का रख दें। अब आप जैसे कैरम खेलते हुए स्ट्राइकर को फ्लिक करते हैं अपनी उंगली से ठीक वैसे ही तेज़ी से ताश के पत्ते को हॉरिजॉन्टल (क्षैतिज) दिशा में फ्लिक करें। आप क्या देखेंगे?
ताश का पत्ता तो आगे निकल जायेगा, लेकिन सिक्का गिलास में गिर जायेगा। ऐसा क्यों हुआ? दरअसल, जब ताश के पत्ते को फ्लिक किया जाता है तो उस पर हल्का सा बल प्रयोग होता है और वह आगे बढ़ जाता है। लेकिन उस पर रखा सिक्का एकदम से गति को शेयर नहीं करता है और इनर्शिया ऑ़फ रेस्ट या आराम की जड़ता के कारण वह अपनी जगह पर बना रहता है। फिर ग्रेविटी (गुरुत्वाकर्षण) की वजह से सिक्का गिलास में गिर जाता है।
आपके घर के गार्डन में अमरुद का या किसी अन्य फल का पेड़ अवश्य लगा होगा और निश्चितरूप से उसके फल तोड़ने के लिए आपने पेड़ की शाख को भी कभी न कभी हिलाया होगा। लेकिन कभी आपने सोचा कि टहनी हिलाने से कुछ फल नीचे ज़मीन पर क्यों गिरे? इसमें भी भौतिकशास्त्र का वही नियम लागू होता है, जिसका हम उल्लेख कर रहे हैं। जब पेड़ की शाख को हिलाया जाता है तो वह गति में आ जाती है, लेकिन उस पर लगे फल इनर्शिया ऑ़फ रेस्ट या आराम की जड़ता के कारण आराम की स्थिति में यानी अपनी जगह ही रहते हैं। अत: बड़े व कमज़ोर लगे फल टहनी से अलग हो जाते हैं और ग्रेविटी (गुरुत्वाकर्षण) की वजह से ज़मीन पर गिर जाते हैं। 

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर