सियासी गंगा में डुबकी लगाइए और पवित्र हो जाइए

देखिए! आप कितना भी पाप करिए, लेकिन एक बार गंगा स्नान कर लीजिए सारे पाप धूल जाएंगे। हमारे यहां तो यहां तक कहा गया है कि गंगा दर्शन मात्र से हमारी मुक्ति हो जाती और सारे पाप धुल जाते हैं। इसीलिए अब लोग पुण्य की चिंता छोड़ दिए हैं और पाप पर पाप किए जा रहें हैं। एक-दो पाप नहीं पूरा घड़ा ही पाप से भर रहें हैं। दरअसल उनके पुण्य में ही पाप की आत्मा बसी है। हमारे वेद और शास्त्रों में गंगा स्नान बेहद पवित्र माना गया है। इसीलिए लोग गलत कार्य करने में कभी नहीं डरते हैं। क्योंकि उनके पास पाप धोने के लिए गंगा है। अब गंगा भी पापियों का पाप धोते-धोते मैली हो चली हैं। आजकल लोग अब गंगा से अधिक पवित्र पाप धोने के लिए सियासी गंगा को मानने लगे हैं।
सच मानिए! पाप धोने का आजकल सबसे मॉडर्न तरीका भी आ गया है। वह है सियासी गंगा में स्नान। इस गंगा में स्नान करना बेहद पुण्य फलदायी होता है। कहते हैं की सियासी गंगा का स्नान गंगा से भी पवित्र होता है। इस गंगा में स्नान करने से सारे कलुष धुल जाते हैं। इस गंगा में स्नान से कई पीढ़ियां तर जाती हैं। लेकिन इस गंगा में स्नान की शर्त भी है। सियासी गंगा में स्नान का फल तभी मिलता है जब चुनावों का मौसम हो। आप भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बना लिए हों। आप के खिलाफ जितनी जांच एजेंसिया हो सब लगी हों। आप विपक्ष में रह कर कितना भी भ्रष्टाचार, बलात्कार, लूट, हत्या जैसा अपराध और पाप किए हो सब धूल जाता है। बस एक बार आप सत्ता की गंगा में डुबकी लगा लिए तो आपके सारे पाप धुल जाएंगे। फिर आपके पास जांच की आंच कभी नहीं आएगी। सत्ता में आने के बाद फिर आप पाप का घड़ा भरना शुरू कर दीजिए।
आजकल चुनावी मौसम में सियासी गंगा में नहाने का दौर चल पड़ा है। ऐसे घाटों पर बड़ी भीड़ दिख रही है। इस भीड़ में वामपंथ, दक्षिण पंथ और सेकुलर का तटबंध टूट गया है। जिस गंगा में लोग अपने पाप की सियासी गठरी लेकर कूद रहें हैं वह भी अपवित्र और मैली हो चला है। लेकिन सियासी घाट पर बैठे पंडे सबसे पवित्र होने का दावा कर रहें हैं और डुबकी लगाने वाले का चंदन लगा और दुपट्टा ओढा स्वागत कर रहे हैं। सियासी गंगा में वे डुबकी लगा अपने भ्रष्टाचार को भले छुपा लें, लेकिन लोकतंत्र में तो उनका पाप तभी धुलेगा जब मतदाता उनके माथे पर जीत का छापा-तिलक लगाएगी। क्योंकि यह पब्लिक है सब जानती है। (सुमन सागर)