सीएम योगी बोले: कांवड़ यात्रा पर न लापरवाही बर्दाश्त और न ही साजिश, झूठी सूचना देने वाले जाएंगे जेल

लखनऊ, 24 जुलाई - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और अन्य पर्वों के दृष्टिगत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य, सफाई और खाद्य सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही अफवाह फैलाने, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने, ओवररेटिंग या शांति बिगाड़ने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ यात्रा अब पूरे प्रदेश का व्यापक आयोजन बन चुकी है, इसलिए मेरठ जोन की सफल कार्ययोजना और कांवड़ यात्रा प्रबंधन के मॉडल को राज्य के सभी पुलिस जोनों में समान रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई का पालन कराने के लिए पड़ोसी राज्यों—हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के अधिकारियों व कांवड़ संघों के साथ निरंतर समन्वय बनाया जाएगा। स्थानीय प्रशासन को समय रहते कांवड़ संघों से संवाद करने और शिविर संचालकों का सत्यापन पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 
#सीएम योगी
# कांवड़