दिसम्बर तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान : नोमुरा

सिंगापुर, 12 दिसम्बर (भाषा) : जापान की वित्तीय सेवा प्रदाता कंपनी नोमुरा के अनुसार, इस साल दिसम्बर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 4.3 प्रतिशत रह सकती है। नोमुरा का मानना है कि वर्ष 2020 की पहली तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर में मामूली सुधार होगा और यह 4.7 प्रतिशत रह सकता है। नोमुरा की मुख्य अर्थशास्त्री (भारत एवं एशिया) सोनल वर्मा ने कहा,‘गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) का संकट लंबा खींच जाने के कारण घरेलू ऋण उपलब्धता की स्थिति गंभीर बनी हुई है।’’ बाजार का मानना है कि देश की जीडीपी वृद्धि दर अपने निचले स्तर पर आ चुकी है और अब आगे इसमें सुधार होगा। नोमुरा का मानना है कि वृद्धि दर में अभी और गिरावट आ सकती है। उसने देश की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान 2019 के लिए 5.3 प्रतिशत से घटाकर 4.9 प्रतिशत, 2020 के लिए 6.3 प्रतिशत से घटाकर 5.5 प्रतिशत और 2021 के लिए 6.5 प्रतिशत कर दिया।