बाज़ार धड़ाम सेंसेक्स 894 अंक लुढ़का

मुंबई, 6 मार्च (भाषा) : कोरोना वायरस को लेकर चिंता के बीच शुक्रवार को वैश्विक बाज़ारों में बिकवाली का सिलसिला चलने से यहां बंबई शेयर बाज़ार के सेंसेक्स में 894 अंक की भारी गिरावट आई। इसके अलावा निजी क्षेत्र के यस बैंक पर नियामकीय अंकुशों से भी बाज़ार धारणा प्रभावित हुई। बंबई शेयर बाज़ार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 1,459 अंक तक नीचे आ गया था। अंत में यह 893.99 अंक या 2.32 प्रतिशत के नुक्सान से 37,576.62 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 279.55 अंक या 2.48 प्रतिशत के नुक्सान से 10,989.45 अंक पर आ गया। अन्य एशियाई बाज़ारों में चीन का शंघाई, हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की दो प्रतिशत से अधिक टूट गए। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाज़ार भी नुक्सान में थे। ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 2.54 प्रतिशत के नुक्सान से 48.72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अंतर बैंक विदेशी विनियम बाज़ार में रुपया 32 पैसे टूटकर 73.24 प्रति डॉलर पर चल रहा था।