आईओसी से ओलंपिक तय समय पर कराने के फैसले की समीक्षा की मांग

नई दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) : टोक्यो ओलम्पिक को तय समय पर कराने पर आमादा अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति से अपने फैसले की समीक्षा करने की मांग की गयी है। टोक्यो ओलम्पिक का आयोजन 24 जुलाई से नौ अगस्त तक होना है। आईओसी और जापान ने कहा है कि कोरोना वायरस के खतरे के बावजूद ओलम्पिक का आयोजन तय समय पर होना है। लेकिन स्पोर्ट एंड राइट्स एलायंस और वर्ल्ड प्लेयर्स एसोसिएशन ने आईओसी से मांग की है कि वह अपने फैसले की समीक्षा करे और साथ ही इस मसले को लेकर खिलाड़ियों से बात करे। विश्व के 168 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस ‘कोविड 19’ का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और अब तक इस खतरनाक वायरस से 11,248 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 269,482 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। कोरोना के कारण दुनिया भर में सभी खेल आयोजन या तो आगे की तारीख के लिए स्थगित किये जा चुके हैं या फिर रद्द कर दिए गए हैं। एक तरफ जहां यह मांग उठ रही है कि ओलम्पिक को स्थगित किया जाए तो दूसरी तरफ टोक्यो ओलम्पिक की मशाल शुक्रवार को जापान पहुंच गयी। ओलम्पिक मशाल को एथेंस से लेकर एक चार्टर्ड विमान टोक्यो 2020 गो मत्सुशिमा मियागी स्थित जापान के वायुसेना ठिकाने पर पहुंचा। तीन बार के ओलम्पिक स्वर्ण विजेता तादहीरो नोमुरा और साओरी योशिदा ने विमान से मशाल को ग्रहण किया और इन्तजार कर रहे टोक्यो 2020 के अध्यक्ष योशिरो मोरी को सौंप दिया। इन दोनों एथलीटों और मोरी को एथेंस में मशाल ग्रहण करने वाले समारोह में जापानी शिष्टमंडल का हिस्सा होना था लेकिन इस शिष्टमंडल को ही रद्द कर दिया गया था।