टोक्यो ओलम्पिक खेलों में छा गए हरियाणा के खिलाड़ी

इस बार टोक्यो में हुए ओलम्पिक खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी न सिर्फ छा गए बल्कि प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम भी पूरी दुनिया में रोशन किया है। अब की बार भारतीय खिलाड़ियोें ने कुल छह व्यक्तिगत व एक कांस्य पदक पुरुष हॉकी टीम ने जीता है। भारतीय खिलाड़ियों द्वारा जीता गया इकलौता स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने भाला फैंकने में जीता है जबकि पुरुषों की फ्री स्टाइल कुश्ती में रवि दहिया ने रजत पदक और फ्री स्टाइल कुश्ती में ही बजरंग पूनिया ने कांस्य पदक जीता है। इसके अलावा कांस्य पदक जीतने वाली देश की पुरुषों की हाकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार और सुमित कुमार भी शामिल हैं। कुल मिलाकर इस बार ओलम्पिक में भारतीय खिलाड़ियाें का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा और हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन तो विशेष चर्चा में है। महिला हॉकी टीम चाहे पदक नहीं जीत पाई लेकिन सैमीफाइनल तक पहली बार पहुंचकर और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महिला हॉकी खिलाड़ियों ने पूरे विश्व का दिल जीत लिया। भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान रानी रामपाल समेत 9 महिला खिलाड़ी हरियाणा से संबंधित हैं। भाला फैंकने का स्वर्ण पदक जीतने वाला नीरज चोपड़ा हरियाणा के पानीपत जिले के गांव खंडरा का रहने वाला है और एक आम किसान परिवार से संबंधित है। ओलम्पिक में एक रजत पदक हरियाणा के पहलवान रवि दहिया ने जीता है, जोकि सोनीपत जिले के रहने वाले हैं और उनके पिता एक आम साधारण किसान हैं। कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान। बजरंग पूनिया झज्जर जिले के रहने वाले हैं।
खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये देगी हरियाणा सरकार
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक खेलों से पहले ही ऐलान कर दिया था कि ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले हरियाणवी खिलाड़ियों को 6 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 4 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को अढ़ाई करोड़ रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा। अब मुख्यमंत्री ने चौथे नम्बर पर आने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों को भी 50-50 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। यह पुरस्कार पहले व्यक्तिगत मुकाबलों के लिए थे लेकिन अब मुख्यमंत्री ने कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम में हरियाणा के 2 खिलाड़ियों को अन्य व्यक्तिगत पदक विजेता खिलाड़ियों के समान पुरस्कार देने का ऐलान कर दिया है। इन पदक विजेता सभी खिलाड़ियों के सम्मान में हरियाणा सरकार 13 अगस्त को पंचकूला में एक समारोह आयोजित करने जा रही है, जिसमें इन खिलाड़ियों को न सिर्फ नगद पुरुस्कार दिए जाएंगे बल्कि मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से आधे दामों पर रिहायशी प्लॉट भी दिए जाएंगे। 
खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित होने वाले समारोह के लिए सरकार ने सभी तैयारियां कर ली हैं। हरियाणा सरकार ओलम्पिक में सिर्फ भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को भी 15-15 लाख रुपए देने का ऐलान कर चुकी है और उसमें से 5-5 लाख रुपए सभी खिलाड़ियाें को अपनी तैयारियों के लिए एडवांस भी दे दिए गए थे। कायदे से महिला हॉकी टीम में भाग लेने वाली कप्तान रानी रामपाल सहित हरियाणा की सभी 9 खिलाड़ियों को सरकार द्वारा 15-15 लाख रुपए दिए जाने थे लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने महिला हॉकी खिलाड़ियों सहित चौथे नम्बर पर आने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों को उनका हौसला बढ़ाने के लिए 50-50 लाख रुपए देने का ऐलान कर दिया है। 
तीसरे मोर्चें के लिए प्रयासरत चौटाला
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला जब से तिहाड़ जेल से अपनी सज़ा पूरी करके लौटे हैं, तभी से वह देश में भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले क्षेत्रीय दलों पर आधारित तीसरा मोर्चा गठित करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। 1987 में हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने के बाद चौधरी देवीलाल ने भी पूरे देश में घूम-घूमकर क्षेत्रीय दलों को एकत्रित किया था और जनता दल के नाम से तीसरे मोर्चे का गठन किया था। जनता दल ने 1989 में केंद्र में सरकार बनाई और कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का काम किया। उस समय वी.पी. सिंह और चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री बनाने का श्रेय भी चौधरी देवीलाल को मिला था और उन दोनों सरकारों में देवीलाल उप प्रधानमंत्री बने थे। अब ओम प्रकाश चौटाला उसी तरह क्षेत्रीय दलों को इकट्ठा करके तीसरा मोर्चा बनाने के लिए प्रयासरत हैं। पिछले हफ्ते ओम प्रकाश चौटाला ने बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और उनकी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी के साथ लंच पर बैठक की थी और उन्हें 25 सितम्बर को चौधरी देवीलाल के जन्मदिन पर होने वाली रैली में शामिल होने का न्यौता दिया था। उसके बाद अब ओम प्रकाश चौटाला ने इसी सोमवार देश के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौडा और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के साथ अलग-अलग मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जानने के अलावा देश के राजनीतिक हालात और किसानों के मुद्दों के साथ-साथ तीसरे मोर्चे के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया। 
ओम प्रकाश चौटाला ने देवगौडा और मुलायम सिंह को 25 सितंबर को देवीलाल के जन्मदिन पर होने वाली सम्मान दिवस रैली में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया है। माना जाता है कि ओम प्रकाश चौटाला 25 सितम्बर को देवीलाल के जन्मदिन पर देशभर के प्रमुख विपक्षी नेताओं को एकजुट करके तीसरे मोर्चे के गठन की प्रक्रिया शुरू करना चाहते हैं। वैसे ओम प्रकाश चौटाला की पंजाब के मुख्यमंत्री रहे  प्रकाश सिंह बादल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, शरद यादव, उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौडा सहित देश के अनेक प्रमुख नेताओं से घनिष्ठ संबंध हैं। अब इन विपक्षी नेताओं में से कौन से नेता 25 सितम्बर की रैली में आते हैं और तीसरे मोर्चे की क्या रूपरेखा बनती है, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला इसके लिए पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। 
पुलिस भर्ती पेपर लीक कांड
हरियाणा में पुलिस भर्ती के लिए 7 अगस्त को आयोजित परीक्षा का पेपर लीक होने से न सिर्फ हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की किरकिरी हुई है बल्कि विपक्ष के हाथ सरकार को घेरने का एक मौका लग गया है। यह परीक्षा 8 अगस्त को भी होनी थी लेकिन 7 अगस्त की परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया। इस परीक्षा के लिए 8 लाख 39 हज़ार युवाओं ने आवेदन किया था और पहले दिन साढ़े 3 लाख उम्मीदवार परीक्षा में बैठे थे। अब विपक्ष कर्मचारी चयन आयोग को भंग करने और पूरे मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में सीबीआई से जांच करवाने की मांग कर रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पेपर लीक मामले के साथ-साथ पेपर में पूछे गए सवालों को लेकर भी कर्मचारी चयन आयोग को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि परीक्षा में ऐसे सवाल पूछे गए जिनका संबंध पुलिस कांस्टेबल की नौकरी से कहीं दूर-दूर का भी नहीं था। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार भी किया है और मामले की जांच चल रही है, लेकिन कर्मचारी चयन आयोग भर्तियों को लेकर पहले भी विवादों में रहा है और अब एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है।  -मो. 98554-65946