रायबरेली में भाजपा द्वारा प्रियंका के मुकाबले वरुण को उतारने की कोशिश

उत्तर प्रदेश में गांधी परिवार के गढ़ माने जाते चुनाव क्षेत्र रायबरेली से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की सम्भावनाओं को देखते हुए भगवा गलियारों में यह कयास तेज़ हो गए हैं कि शायद भाजपा की ओर से लोकसभा क्षेत्र पीलीभीत से टिकट काटे जाने से नाराज़ चल रहे वरुण गांधी को प्रियंका के खिलाफ रायबरेली से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। वरुण गांधी के करीबी सूत्रों ने खुलासा किया है कि शीर्ष भाजपा नेतृत्व अब उन्हें (वरुण) को रायबरेली में खड़ा करके ‘गांधी बनाम गांधी’ लड़ाई बनाने पर विचार कर रही है। हालांकि वरुण गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट पर    अपनी चचेरी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ सम्भावित  चुनाव मुकाबले के इन्कार कर दिया है। हाल ही में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी तथा रायबरेली कांग्रेस ने प्रस्ताव पारित करके कहा था कि पार्टी को ‘प्रियंका या गांधी परिवार के किसी अन्य सदस्य’ को रायबरेली से चुनाव मैदान में उतारना चाहिए। प्रियंका लोकसभा चुनावों में व्यापक स्तर पर प्रचार कर रही हैं और अब यदि पार्टी इजाज़त देती है तो वह रायबरेली सीट से लड़ने के लिए तैयार हैं। यदि ऐसा हुआ तो वह रायबरेली से चुनाव लड़ने वाली नेहरू-गांधी परिवार की तीसरी पीढ़ी होंगी।
राहुल के भाषण
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने चुनाव प्रचार के भाषणों में ओ.बी.सी., एस.सी. तथा एस.टी. आदि मुद्दों पर ज़ोर देते हुए इन सवालों को राष्ट्रीय स्तर के भाषणों में मुख्य प्राथमिकता दी और भारत के दलितों, अन्य पिछड़े वर्गों तथा गरीबों की हालत का बेहतर मूल्यांकन करने के लिए देशव्यापी जनगणना करवाने की मांग की। गांधी ने यहां तक कहा कि ‘समाज का एक्स-रे’ हाशिये पर पड़े वर्गों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति निर्धारित करने के लिए एक देशव्यापी जनगणना अब उनके जीवन का मिशन है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में देश के 90 प्रतिशत लोगों को 16 लाख करोड़ रुपये में से थोड़ी राशि वापिस करने का दावा किया है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने चुनिंदा 22 अमीर पूंजीपतियों को दे दिया है। दिल्ली के जवाहर भवन में सामाजिक न्याय सम्मेलन में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘हम यह नहीं कहते कि हम पूरे 16 लाख करोड़ वापिस करवाएंगे। हमने हिसाब किया है और कहा है सिर्फ थोड़े-से पैसे ही वापिस किये जाएंगे।’
300 से अधिक सीटें जीतेगा ‘इंडिया’ गठबंधन : उद्धव
शिव सेना (यू.टी.बी.) नेता उद्धव ठाकरे ने दावा किया है कि 543 सदस्यीय लोकसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। महाराष्ट्र के बुलढाना में शिव सेना (यू.टी.बी.) के उम्मीदवार नरेन्द्र खेड़ेकर के लिए एक रैली को सम्बोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी को ‘नकली शिव सेना’ कहने के लिए लोग जल्द ही भाजपा को अच्छा सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा, ‘आप मेरी पार्टी को नकली शिव सेना कहते हो, परन्तु यही सेना आपको अपनी असली ताकत दिखाएगी। ठाकरे ने कहा कि  क्या मेरी शिव सेना आपकी डिग्री की भांति है, जिसे आप नकली कहते हो? लोग आपको आपकी जगह दिखाएंगे।’ 
दूरदर्शन के लोगो पर राजनीति
स्वायत्त राष्ट्रीय सार्वजनिक सेवा प्रसारक दूरदर्शन की ओर से मौजूदा आम चुनावों के बीच अपने प्रतीक लोगो का रंग गुलाबी से भगवा करने की प्रसार भारती से पूर्व सी.ई.ओ. तथा तृणमूल कांगे्रस के सांसद जवाहर सरकार ने आलोचना की है। अपने इस कदम का बचाव करते हुए दूरदर्शन ने इस तथ्य पर ध्यान दिलाया है कि उसका शुरुआती लोगो जो 1959 में लांच किया गया था, वह भी भगवा रंग का था जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अब जब देश में 7 चरणों में लोकसभा चुनाव चल रहे हैं, तो भाजपा पर लोगों की भावनाओं को प्रभावित तथा जीतने के लिए राष्ट्रीय सम्पत्तियों व प्रतीक चिन्हों का रंग भगवा करने का आरोप लगाया है।
 ममता बनर्जी ने पूछा कि अब जब लोग चुनावों में बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं तो भारत का चुनाव आयोग आदर्श चुनाव संहिता के लागू रहते भगवा समर्थकों को इस प्रकार का उल्लंघन करने की अनुमति कैसे दे सकता है? इसके अंितरिक्त कांग्रेस के मनीष तिवारी, जो 2012 से 2014 तक सूचना एवं प्रसारण मंत्री थे, ने भी आरोप लगाया है कि लोगो का रंग बदलना सार्वजनिक साधनों पर कब्ज़ा करने की केन्द्र सरकार की कोशिश है। (आई.पी.ए.)