पेट में गैस से बचाव के लिए अपनाएं ये आदतें    

पेट में गैस का बनना एक आम समस्या है। यह गैस शरीर के किसी भी अंग में अटक कर परेशानी का सबब बन सकती है। गैस बनने से हमारे पौष्टिक आहार हमें वो लाभ नहीं दे पाते जितना मिलना चाहिए। शरीर से गैस बाहर डकार या गुदा मार्ग के द्वारा निकलती है। कब्ज की समस्या वालों में भी गैस बनती है और जिनकी पाचन शक्ति कमजोर हो, वे भी इस समस्या का शिकार बनते हैं। गैस साधारणत: दो कारणों से अधिक बनती है, एक तो निगली गई हवा ओर दूसरा अनपचे भोजन से। खाते और पीते समय जो हवा अंदर जाती है, उससे गैस का निर्माण होता है। जल्दी जल्दी खाना खाने से, च्यूंगम चबाने से, सिगरेट बीड़ी पीने से हम हवा को अंदर ले जाते हैं। पैदा हुई गैस का कुछ भाग तो डकार के रूप में बाहर निकल जाता है और कुछ हवा आंत में चली जाती है जो बाद में बड़ी आंत में जाकर गुदा मार्ग द्वारा बाहर निकलती है।
गैस समस्या से क्या होता है
*  पेट फूलने लगता है।
* जीभ पर सफेद परत जमने लगती है।
*  सांस से बदबू आती है।
*  मल से भी बदबू आती है।
किनसे ज्यादा गैस बनती है 
कुछ खाद्य पदार्थ ज्यादा गैस बनाते हैं जैसे पत्ता गोभी, फूलगोभी, ब्रोकली, प्याज आदि।
*  फल- सेब, केला, आडू आदि।
*  साबुत अनाज में गेहूं आदि।
इसके अतिरिक्त फलों का जूस, साफ्ट ड्रिंक्स, दूध और दूध से बने उत्पाद, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ आदि।
गैस से बचने के उपाय
*  साफ्ट ड्रिंक्स व वाइन का सेवन न करें क्योंकि ये कार्बन डाइआक्साइड रिलीज करते हैं।
*  कोई भी ड्रिंक पाइप से न पीकर सीधे गिलास से पिएं। 
*  अधिक मिर्च मसाले और तले हुए खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
* कब्ज से सावधान रहें। रेशेदार भोज्य पदार्थ ज्यादा खाएं ताकि पेट अच्छे से नियमित साफ हो सके।
* निश्चित समय पर भोजन खाएं रात्रि में भोजन सोने से दो घंटे कम से कम पहले खाएं। खाना खाने के बाद टहलें, बिस्तर पर एकदम खाने के बाद न जाएं ताकि खाना पच सके।
घरेलू नुस्खों से करें गैस का उपचार 
*  दही का नियमित सेवन करें।
* नारियल पानी का सेवन नियमित करें।
* लहसुन पाचन प्रक्रि या को बढ़ाता है और गैस को कम करता है। इसका प्रयोग करें।
* अगर गैस ज्यादा बनती है तो खाना खाने के बाद अदरक के टुकड़े जो नींबू रस में भीगे हों उन्हें, चबा कर खाएं। गैस की समस्या में लाभ मिलेगा।
अदरक में भी पाचक एंजाइम होते हैं जो खाने को पचाते हैं। 
* खाने के बाद टमाटर में सेंधा नमक थोड़ा सा मिलाकर खाएं। लाभ मिलेगा।
*  पुदीने की चटनी, सूखी पुदीने की पत्तियां दही में मिलाकर खाने के साथ खाएं।
* अगर गैस से बेचैन हो तो थोड़ी देर सिर ऊपर कर लेट जाएं और थोड़ा आराम करें। बेचैनी खत्म होगी।
*  इलायची के पाउडर को पानी में उबालें, खाना खाने के थोड़ी देर बाद उस पानी को थोड़ा थोड़ा कर पिएं।
* पानी घूंट घूंट कर पिएं।
*  खाना चबा चबा कर खाएं। 

(स्वास्थ्य दर्पण)