कांग्रेस ने रक्षा सौदे में दलाई खाई, पीएम मोदी बोले- फौजी भाइयों से धोखा नहीं होने दूंगा


 मंडी , 5 नवंबर - पीएम मोदी हिमाचल में चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। पीएम मोदी ने मिशन हिमाचल के तहत एक जनसभा में रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सेना के लिए हर खरीद में कमीशन लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 40 साल से फौजियों से झूठ बोलती रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रक्षा सौदे में दलाली खाई। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा यहीं सोचा कि यह छोटा राज्य है जहां से 3-4 सांसद आते हैं इनकी देश की राजनीति में हैसियत ही क्या है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कांग्रेस ने हिमाचल के विकास को कभी भी प्राथमिकता नहीं दी। इससे हिमाचल लगातार पीछे होता चला गया। बीच-बीच में यहां BJP की सरकार बनी तो कुछ काम आगे बढ़ा। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने बहुत लंबे समय तक हिमाचल पर शासन किया है। कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है। हिमाचल में, पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है।