तेल लगे कागजों पर क्यों नहीं लिखा जाता ?

अगर कागज पर तेल या कोई भी चिकना पदार्थ लगा हो तो पैन से कुछ भी उस कागज पर नहीं लिखा जाता। क्या तुम जानते हो कि ऐसा क्यों होता है। तुम्हें पता होगा कि बांस और घास आदि से कागज का निर्माण होता है। कागज की सतह पर अत्यंत सूक्ष्म नलिकाओं का जाल बिछा होता है। 
जब पेन कागज पर चलाया जाता है तो उसकी नोक में होने वाली बॉल घूमती है जिससे कागज पर स्याही आती है। यह स्याही कागज द्वारा सोख ली जाती है।
चिकनाईयुक्त कागज पर जब पेन चलाया जाता है तो खुरदरेपन के अभाव में बॉल घूमती नहीं, कागज पर फिसलती है इसलिए स्याही कागज पर नहीं आ पाती। अधिक रगड़ने पर बॉल घूमती भी है तो कागज की चिकनाई स्याही को कागज पर फैलने नहीं देती।