न्यूटन टावर गिरता क्यों नहीं?

बच्चों! अच्छा, आप इनर्शिया के बारे में जानना चाहते हो। इसे मैं आपको एक एक्सपेरिमेंट या प्रयोग के ज़रिये आपको समझाऊंगा, जिसे आप खुद भी आसानी से घर पर कर सकते हैं। लेकिन पहले यह जान लें कि न्यूटन का पहला नियम क्या कहता है। मोशन के पहले नियम में बताया गया है कि जो वस्तु आराम की स्थिति में है, वह उसी स्थिति में रहेगी जब तक कि कोई बाहरी बल उस पर काम न करे यानी उसे आराम की स्थिति से हरकत में न ला दे। मसलन, एक फुटबॉल अपनी जगह पर रुकी रहेगी जब तक कि आप उसे किक न करें। दरअसल, इस गतिविधि में दो बाहरी बल या फोर्सेज कार्य करते हैं। एक, ग्रेविटी या गुरुत्वाकर्षण का बल और दूसरा वह बल जो आप अपनी किक से फुटबॉल पर अप्लाई करते हैं। मैं जो आपको प्रयोग सिखाने जा रहा हूं उसमें भी ये दोनों बल कार्य करेंगे। इस प्रयोग को न्यूटन टावर कहते हैं।
आइये, सबसे पहले मैं आपको बताता हूं कि इस प्रयोग के लिए किन चीज़ों की ज़रूरत है। पांच छोटे डिब्बे ले लें और उन्हें रंगीन कागजों से इस तरह लपेट लें जैसे आप अपने दोस्त के बर्थडे पर दी जाने वाली गिफ्ट को रैप करते हैं। फिर इन डिब्बों को हिट करने के लिए लकड़ी का चम्मच या कोई लम्बी पेंसिल ले लें। 
पहले चरण में प्रयोग के लिए आवश्यक मटेरियल को एकत्र करने के बाद दूसरे चरण में तीन डिब्बों को एक के ऊपर एक को रख दें, जैसे आप एक पुस्तक के ऊपर दूसरी पुस्तक रख देते हैं।
तीसरे चरण में लकड़ी के चम्मच, पेंसिल या स्टिक (जो भी आपने लिया है) उससे निचले वाले डिब्बे को इस तरह से हिट करें कि वह बाहर निकल जाये। एक बार जब निचला डिब्बा बाहर निकल जाता है तो ऊपर के दो डिब्बे एक के ऊपर एक वैसे ही रहने चाहिये। ध्यान रहे कि आप बहुत तेज़ी से हिट करें और आपकी हिट मेज़ की सतह के पास डिब्बे के एकदम निचले हिस्से में लगनी चाहिए।
अगर यह आपको बहुत आसान लगता है तो टावर में डिब्बों की संख्या बढ़ा सकते हैं जब तक कि वह पांच या उससे अधिक न हो जाएं। 
यह एक्टिविटी इतनी आश्चर्यजनक इसलिए है क्योंकि आपको लगता है कि डिब्बों का टावर गिर जायेगा और आमतौर से होता भी यही है कि स्टैक के नीचे हिट करने पर वह गिर जाता है क्योंकि फ्रिक्शन नामक एक अन्य बल मोशन को रोकने का प्रयास करता है जब भी चीज़ें एक-दूसरे पर गिरती हैं। लेकिन जब आप तेज़ी से हिट करते हैं तो तब फ्रिक्शन बल पर काबू पा लिया जाता है और टावर गिरता नहीं है, नीचे का डिब्बा बाहर निकलने के बावजूद।
दरअसल, ग्रेविटी सभी डिब्बों को प्रभावित करती है। लेकिन जब आप अपनी स्टिक से तेज़ वार करते हैं तो वह केवल उसी निचले डिब्बे को प्रभावित करती है जिसे आपने हिट किया है। ऊपर के डिब्बे ग्रेविटी की वजह से सीधे नीचे आते हैं और टावर गिरता नहीं है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर