किसानों को लूटने वाली देश भर में कोई पार्टी है तो कांग्रेस पार्टी है - नायब सिंह सैनी

रेवाड़ी, 25 सितम्बर - हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार 10 सालों तक मुख्यमंत्री रहे और आज वे लगातार हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने किसानों के साथ हमेशा छल किया है। किसानों को लूटने वाली देश भर में कोई पार्टी है तो कांग्रेस पार्टी है। मेरे उनसे कुछ सवाल है। वे 10 वर्ष तक 2004 से 2014 तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। आज भाजपा हरियाणा के किसान की 24 फसलें MSP पर खरीदने का काम कर रही है। कांग्रेस ने किसान की कितनी फसलें खरीदीं? हुड्डा और राहुल गांधी जवाब दें कि इतिहास के 70 साल में कभी भी उन्होंने किसानों को सालाना कोई नियमित राशि दी है? कांग्रेस और हुड्डा बताएं भोले-भाले किसानों की ज़मीनों को छीनकर, लूटकर दिल्ली के दामाद को जो देने का काम किया है, उसके बाद वे किसानों से कैसे नजरें मिला रहे हैं? अगर राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा 100 बार कान पकड़कर माफी मांगें तब भी किसान उन्हें माफ नहीं करेंगे। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस और हुड्डा मुझे जवाब देंगे।