तेलंगाना: पुलिस थाना ले जाते समय आरोपी ने एक कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर दिया, मौत 


हैदराबाद, 18 अक्टूबर निजामाबाद शहर में एक मामले के संबंध में पकड़े जाने के बाद एक कुख्यात अपराधी ने कथित तौर पर 42 वर्षीय एक कांस्टेबल पर चाकू से हमला करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।     यह घटना 17 अक्टूबर को रात 8:30 बजे से नौ बजे के बीच की है।  
    पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कांस्टेबल ई. प्रमोद की छाती पर तब चाकू से हमला कर दिया जब वह उसे एक दोपहिया वाहन पर बिठाकर निजामाबाद शहर के एक थाने ले जा रहे थे।      एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया और घायल प्रमोद की बाद में मौत हो गई। 
कांस्टेबल की मृत्यु पर दु:ख व्यक्त करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी. शिवधर रेड्डी ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए निजामाबाद के पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्य को विशेष दल गठित करने का निर्देश दिया है।     पुलिस ने बताया कि आरोपी चेन झपटमारी और चोरी के मामलों में शामिल था।     डीजीपी ने मल्टी जोन-प्रथम के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) एस. चंद्रशेखर रेड्डी को निजामाबाद का दौरा करने और स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया है। 
    

#तेलंगाना