अगले दो दिनों के दौरान मौसम के सक्रिय रहने की संभावना,तमिलनाडु व केरल में होगी बारिश
देश के दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान मौसम के सक्रिय रहने की संभावना है, जबकि उत्तर भारत में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी का दौर शुरू होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 21 से 23 फरवरी के बीच दक्षिण तमिलनाडु व केरल एवं माहे के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही समुद्री क्षेत्रों में हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है।
मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट और दक्षिण अंडमान सागर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिनकी झोंकों में गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
छह दिन में 4 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना
पर्वतीय राज्यों में हल्की मौसमीय गतिविधि बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को कहीं-कहीं बारिश या हिमपात की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बनी रह सकती है।

