संदिग्ध रसायन से भरे ड्रम मिलने से मचा हड़कम्प
अलवर, 23 फरवरी राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की घटना के बाद चौपानकी रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को खुले में मिले संदिग्ध रसायन से भरे ड्रम मिलने से हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और तत्काल प्रभाव से जांच शुरू कर दी। रसायन से भरे चार गोदामों को सीज किया गया है।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के यूनिट-द्वितीय के तहत भूखंड संख्या एच-200 पर संदिग्ध रासायनिक ड्रम होने की सूचना मिली। इस पर अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र की घेराबंदी करवाई। मौके पर टपूकड़ा तहसीलदार शैतान ङ्क्षसह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गुरदीप ङ्क्षसह और चौपानकी थाना पुलिस का जाप्ता मौजूद रहा।
सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण में औद्योगिक गतिविधियों में अनियमितता की आशंका जताई गई। प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए उक्त भूखंड संख्या एच-200 के साथ-साथ जे-983, एफ-849 और एफ-850 को तहसीलदार की मौजूदगी में सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिन ड्रमों में रसायन भरा मिला है, उसकी प्रकृति, उपयोग और वैधता की विस्तृत जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी परखा जा रहा है कि संबंधित इकाइयों के पास रसायनों के भंडारण और उपयोग की वैध अनुमति है या नहीं।
सूत्रों के अनुसार कुछ ड्रम खुले स्थान पर रखे पाए गए, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका प्रबल हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय मानकों, औद्योगिक सुरक्षा नियमों या विस्फोटक पदार्थों से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

