जागरूक जनता नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी, जो भारत की प्रगति में बाधा डालने का प्रयास करे: अन्नपूर्णा देवी
रांची/नई दिल्ली, 20 फरवरी झारखंड के कोडरमा सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए व्यवधान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि जब भारत विश्व मंच पर अपनी तकनीकी क्षमता, नवाचार और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, तब ऐसे समय में अराजकता फैलाना राष्ट्रीय शर्म का विषय है।
श्रीमती देवी कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, ङ्क्षकतु अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राष्ट्र की प्रतिष्ठा को आघात पहुँचाना और देश की छवि धूमिल करना गद्दारी की राजनीति को दर्शाता है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग दलगत स्वार्थ के लिए राष्ट्रहित को पीछे छोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
श्रीमती देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम के क्षेत्र में विश्व में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर पूरे देश को एकजुट होकर भारत की उपलब्धियों का समर्थन करना चाहिए, न कि उसे विवादों में घसीटना चाहिए।
श्रीमती देवी ने स्पष्ट किया कि भारत की वैश्विक साख, विदेशी निवेश और तकनीकी नेतृत्व से जुड़े आयोजनों को राजनीतिक मंच बनाना देशहित के विरुद्ध है। जागरूक जनता अब ऐसी नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी जो भारत की प्रगति में बाधा डालने का प्रयास करे। अंत में उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है। भारत की गरिमा और प्रतिष्ठा से समझौता करने वालों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से जनता उचित उत्तर देगी।

