परमाणु डील पर ट्रंप की बड़ी धमकी, टॉप जनरल से मतभेदों को बताया फेक


वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु डील को लेकर ईरान को खुली धमकी दी है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि अगर डील नहीं होती है तो यह उस देश और उसके लोगों के लिए बहुत बुरा दिन होगा। इसी पोस्ट में ट्रंप ने उन रिपोर्टों को गलत बताया जिनमें कहा गया कि अमेरिकी सेना के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैनियल केन ईरान के साथ युद्ध के खिलाफ हैं। एक्सियोस और द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने जनरल केन के बारे में रिपोर्ट को प्रकाशित किया। ट्रंप ने अपने टॉप जनरल के बारे में चल रही खबरों को फेक न्यूज बताया।
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, 'फेक न्यूज मीडिया में कई स्टोरीज चल रही हैं, जिनमें कहा गया है कि जनरल डैनियल केन, जिन्हें कभी-कभी रजिन भी कहा जाता है, ईरान के साथ युद्ध को लेकर हमारे खिलाफ हैं। यह स्टोरी कोई बड़ी जानकारी नहीं देती है और यह 100% गलत है।'

टॉप जनरल को बताया साथ

ट्रंप ने पोस्ट में आगे कहा कि जनरल केन 'ईरान में जंग नहीं देखना चाहेंगे, लेकिन अगर सैन्य स्तर पर ईरान के खिलाफ सैन्य स्तर पर जाने का फैसला होता है, तो उनकी राय है कि इसे आसानी से जीता जा सकेगा।' राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि जनरल केन ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के इंचार्ज थे। जून 2025 में चलाए गए इस ऑपरेशन में अमेरिकी बमवर्षकों ने ईरान की परमाणु सुविधाओं पर हमला किया था।

 

जनरल केन की ट्रंप ने की तारीफ

ट्रंप ने कहा, केन एक महान योद्धा हैं, जो दुनिया की सबसे ताकतवर सेना को रिप्रजेंट करते हैं। वह सिर्फ एक ही चीज जानते हैं, कैसे जीतना है और अगर उन्हें ऐसा करने के लिए कहा जाए तो वह पैक को लीड करेंगे। ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि युद्ध का फैसला उनका होगा लेकिन कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान डील करने के लिए तैयार है, न कि उन्हें यह फैसला लेने के लिए मजबूर करे।

#परमाणु डील