तेहरान में 53 छात्राओं समेत 70 की मौत, ईरान के विदेश मंत्री बोले- हम बातचीत को तैयार

नई दिल्ली, 28 फरवरी - पश्चिम एशिया में तनाव के बीच आखिरकार अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर बड़ा हमला किया। ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले हुए। जवाब में ईरान ने कई देशों के अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। इसी बीच कई देशों की प्रतिक्रिया भी सामने आई। वहीं, भारत ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की। तुर्किये ने भी तनाव कम करने के लिए मध्यस्थता की भूमिका निभाने की भी पेशकश की है।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद बढ़ते संघर्ष को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई है। संयुक्त राष्ट्र के राजनयिकों के अनुसार 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक न्यूयॉर्क में स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम 4 बजे यानी भारतीय समयानुसार रविवार सुबह तीन बजे आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता ब्रिटेन करेगा। रूस के संयुक्त राष्ट्र मिशन ने बताया कि रूस और चीन ने इस बैठक की मांग अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई को लेकर की है। फ्रांस, बहरीन और कोलंबिया ने भी बैठक बुलाने का समर्थन किया है। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक तस्वीर जारी कर इसकी जानकारी दी, जिसमें नेतन्याहू फोन पर बातचीत करते नजर आए। आधिकारिक विवरण के अनुसार दोनों नेताओं ने मौजूदा सुरक्षा हालात और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की। हालांकि बातचीत के विषयों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
 

#तेहरान
# ईरान