मिसाइल हमलों के बाद दुबई स्थित दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट बंद
नई दिल्ली, 28 फरवरी - पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच छिड़े घमासान का असर पूरे वैश्विक व्यापार और एविएशन सेक्टर पर पड़ता दिख रहा है। दुनिया के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट हब यानी दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सबी) पर उड़ानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है। ईरान की ओर से शनिवार को खाड़ी देशों में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के बाद सुरक्षा को देखते हुए यह बड़ा कदम उठाया गया है। आइए समझते हैं कि एविएशन और व्यापार जगत के लिए इस बड़े झटके के क्या मायने हैं और इसका क्या असर हो रहा है।
ईरान ने शनिवार को खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ बैलिस्टिक मिसाइल हमले दागे मिसाइल हमलों और क्षेत्रीय तनाव के कारण सुरक्षा को सबसे पहली प्राथमिकता देते हुए दुबई एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने दुबई इंटरनेशनल (डीएक्सबी) और अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) पर सभी उड़ानों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का एलान कर दिया। इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के बीच दुबई एयरपोर्ट्स ने शनिवार बताया कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सबी) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) एयरपोर्ट पर सभी उड़ान संचालन अगली सूचना तक निलंबित रहेंगे।

