महाराष्ट्र में उल्टा बहता है यह चमत्कारी झरना
झरने का पानी ऊपर से नीचे की तरफ गिरता है। यह बात सभी जानते हैं। लेकिन क्या कभी आपने रिवर्स वाटरफॉल यानी झरने का पानी नीचे की बजाये उल्टा ऊपर की तरफ जाते हुए देखा है? नहीं। कोई बात नहीं, महाराष्ट्र की यात्रा कीजिये और इस दुर्लभ फेनोमेनन को देखिये जो आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। ऐसा क्यों होता है? दरअसल, मानसून की शक्तिशाली हवाएं पानी को नीचे की बजाये ऊपर की तरफ धकेलती हैं।
यह एक ऐसा नज़ारा है जिसे देखकर एकदम से खुशी का एहसास होता है और आपको लगता है कि एक नई दुनिया आपके सामने खुल गई है। नई जगहों को खोजना, स्थानीय फूड का स्वाद लेना और अलग-अलग किस्म के लोगों से मिलना, वास्तव में आपकी यात्रा को थैरेपि का ऐहसास कराती है। पहाड़ बनाम समुद्र की बहस हमेशा ही दिलचस्प होती है, लेकिन कभी-कभी प्रकृति आपको अपने चमत्कारों से आश्चर्य में डाल देती है, जो इन दोनों विकल्पों से आगे की बात है। ऐसा ही एक चमत्कार महाराष्ट्र में रिवर्स वाटरफॉल से संबंधित है। यह प्राकृतिक फेनोमेनन पर्यटकों को आश्चर्यचकित कर देता है। इसमें पानी नीचे नहीं गिरता है बल्कि वापस उल्टा हवा में उड़ता है।
लेकिन यह असाधारण नज़ारा मानसून के कुछ खास दिनों में ही देखने को मिलता है, जब हवाएं शक्तिशाली होती हैं और पानी को ऊपर की तरफ धकेलती हैं। पानी नीचे गिरने की बजाये हवा के बल से वापस आसमान की तरफ जाने लगता है, धुंध की तरह बिखरता हुआ। एक सामान्य झरना कुछ ऐसी चीज़ में बदल जाता है, जो तीव्र, अविश्वसनीय और लगभग जादुई प्रतीत होती है। यह रिवर्स वाटरफॉल अमूमन जून व अगस्त में देखने को मिलते हैं जब मानसून की हवाएं सबसे शक्तिशाली होती हैं। ऊपर की तरफ का यह नाटकीय स्प्रे सिनेमाई नज़ारा उत्पन्न करता है और ऐसा प्रतीत होता है जैसे प्रकृति गुरुत्वाकर्षण के नियमों को बदल रही है।
अब सवाल उठता है कि महाराष्ट्र में रिवर्स वाटरफॉल देखने की सबसे अच्छी जगह कौन सी हैं? महाराष्ट्र में अनेक मंत्रमुग्ध करने वाले लोकेशन हैं, जहां पर्यटक रिवर्स वाटरफॉल का दुर्लभ व दिलकश नज़ारा देख सकते हैं। मैं आपको अपने अनुभव की रोशनी में चार ऐसी शानदार जगहों के बारे में बताता हूं जहां इस प्राकृतिक नज़ारे का अनुभव किया जा सकता है। रिवर्स वाटरफॉल देखने के लिए नानेघाट बहुत अच्छी जगह है। यह ऐतिहासिक पहाड़ी पास जुन्नार के निकट पश्चिमी घाटों में स्थित है और मानसून के सीजन में नाटकीय नज़ारा प्रस्तुत करता है।
नानेघाट आप ट्रेन या बस से पहुंच सकते हैं। निकटतम रेलवे स्टेशन कल्याण जंक्शन हैं, जहां से आप टैक्सी या बस से जुन्नार जा सकते हैं और फिर नानेघाट की तरफ बढ़ सकते हैं। अगर सड़क की बात करें तो अनेक मार्गों से यह बहुत अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। पुणे से आप बस या अपनी कार से जुन्नार पहुंच सकते हैं, फासला लगभग 95 किमी का है। मुंबई से जाना चाहते हैं तो मुंबई नासिक हाईवे (एनएच-3) या मुंबई आगरा हाईवे (एनएच-61) पर सफर किया जा सकता है।
रिवर्स वाटरफॉल देखने के लिए समरद गांव भी बहुत सुंदर जगह है। ़गज़ब की सघन्न घाटी में समुद्र की सतह से 2000 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह गांव मानसून का ऐसा अनुभव कराता है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस गांव तक पहुंचने के लिए आप मुंबई या पुणे से ड्राइव कर सकते हैं, दोनों जगह से यह लगभग चार से पांच घंटे के फासले पर है, जिससे आपकी सड़क यात्रा सुंदर नज़ारों वाली व आनंदमय बन जाती है।
कवलशेत पॉइंट अम्बोली की हरीभरी पहाड़ियों में स्थित है, जोकि गहरी वादियों व अनेक छोटे-छोटे झरनों से घिरा हुआ है। यह पॉइंट मानसून के दौरान विशेषरूप से जादुई बन जाता है जब तेज़ हवाएं नीचे गिरते पानी को ऊपर उठाने लगती हैं। कवलशेत पॉइंट पहुंचे के लिए मुंबई गोवा हाईवे को सावंतवादी की तरफ फॉलो करें। वहां से अम्बोली की तरफ चलें, जोकि लगभग 30 किमी है अम्बोली टाउन में कवलशेत पॉइंट से।
अंजनेरी नासिक से मात्र 20 किमी की दूरी पर है। अंजनेरी में भी रिवर्स वाटरफॉल का शानदार नज़ारा देखने को मिलता है। गौरतलब है कि अंजनेरी का बहुत अधिक धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व है क्योंकि मान्यता यह है कि यह भगवान हनुमान की जन्मस्थली है और इस जगह का नाम उनकी मां अंजनी के नाम पर पड़ा है। अंजनेरी जाने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन नासिक है, जहां से इस गांव के लिए टैक्सी ले सकते हैं। अगर सड़क से जाना है तो कैब या बस से नासिक रोड से त्रिम्बकेश्वर की तरफ चलें और फिर त्रिम्बकेश्वर अंजनेरी सड़क पकड़ लें।
रिवर्स वाटरफॉल देखने के लिए अगर जा रहे हैं तो निम्न बातों का अवश्य ध्यान रखें।
1. उचित प्रकार के जूते व कपड़े लेकर जाएं क्योंकि रास्ते फिसलन भरे हो सकते हैं।
2. निर्धारित रूट पर ही रहें मौसम आदि की जानकारी हासिल कर लें।
3. अपने साथ पीने का पानी, सूखे स्नैक्स और बेसिक फर्स्ट ऐड किट रखें।
4. स्थानीय गाइड्स की मदद लें जो कीमती जानकारी देंगे और सुरक्षित अनुभव सुनिश्चित करेंगे।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

