गुरदासपुर :आवारा कुत्ते ने बच्चे को नोचा


गुरदासपुर :(रोहित गुप्ता)गुरदासपुर के मोहल्ला शहजादा नगर में ढाई साल के एक बच्चे को आवारा कुत्ते ने नोच-नोचकर घायल कर दिया। अयांश नाम का यह बच्चा अपने घर में खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ता आया और साथ खेल रही उसकी बहन को काटने की कोशिश की, लेकिन अयांश ने अपनी बहन को धक्का देकर बचा लिया, तभी कुत्ता उसके पीछे दौड़ा और उसके चेहरे और पैर को बुरी तरह नोच डाला। अयांश को उसके माता-पिता ने एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टर के मुताबिक, अब उसकी हालत काफी बेहतर है।
अयांश की मां मनीषा और पिता सतपाल ने बताया कि अयांश उनके घर में अपनी बहन के साथ खेल रहा था, तभी यह कुत्ता आया और उसकी बहन को काटने की कोशिश की, लेकिन अयांश ने अपनी बहन को तो बचा लिया, लेकिन खुद को नहीं बचा सका। कुत्ता उसकी बहन को छोड़कर उसकी तरफ मुड़ा और उसे बुरी तरह नोच डाला। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी यह कुत्ता एक और बच्चे को बुरी तरह घायल कर चुका है। वहीं, परिवार ने गुस्सा जताते हुए कहा कि पहले प्रशासन डॉग वैन भेजता था ताकि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से छुटकारा मिल सके, लेकिन अब ये सारी कोशिशें बंद कर दी गई हैं और कुत्ते लगातार बच्चों पर हमला कर रहे हैं।

#गुरदासपुर