पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम हिस्से में आईईडी बम धमाके में छह पुलिसकर्मियों की मौत
पेशावर, 13 मार्च पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए एक आईईडी बम धमाके में कम से कम छह पुलिसकर्मी मारे गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि लक्की मारवत जिले के शादी खेल बेट्टानी इलाके में रसूल खेल चेक पोस्ट के पास नियमित गश्त के दौरान एक पुलिस वाहन आईईडी बम विस्फोट की चपेट में आ गया। उसने बताया कि बम धमाके के चलते थाना प्रभारी आजम, पुलिस वाहन चालक शाह बहराम एवं चार अन्य पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार विस्फोट में इंसाफुद्दीन नामक एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया तथा तलाशी अभियान शुरू किया। विस्फोट स्थल से सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमले में शामिल अपराधियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं तथा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने इस घटना की ङ्क्षनदा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक से इस घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

