साधारण चीज़ों से अपना फोन स्पीकर बनाएं

बच्चो! क्या आपको मालूम है कि आप विज्ञान के ज़रिये अपने मोबाइल फोन की टियून को इस तरह से बढ़ा सकते हैं जैसे वह बड़े स्पीकर से आ रही हो और वह भी बहुत ही साधारण चीज़ों की मदद से? मेरे कहने का मतलब है कि आप साधारण चीज़ों से अपना फोन स्पीकर बना सकते है जो ध्वनि तरंगों (साउंड वेव्स) को एम्पलीफाई (बढ़ाना) कर देगा, आपके फोन के संगीत की आवाज़ को बढ़ाते हुए। 
अपना फोन स्पीकर बनाने के लिए हमें कुछ सामान्य घरेलू चीज़ों की ज़रूरत होगी। यह प्रोजेक्ट साउंड वेव्स, एम्पलीफिकेशन और बुनियादी इंजीनियरिंग डिज़ाइन को समझने का सबसे अच्छा तरीका है। साथ ही इसे बनाना और इसका प्रयोग करना भी बहुत आसान है। इस प्रोजेक्ट के लिए हमें 1 कार्डबोर्ड ट्यूब या पेपर टॉवल रोल, 2 पेपर कप या प्लास्टिक कप (अंतर का अंदाज़ा लगाने के लिए), कैंची, वाशी टेप (सजाने के लिए वैकल्पिक) और स्मार्टफोन की ज़रूरत होगी। सबसे पहले पेपर टॉवल ट्यूब के बीच में कैंची से इतना चतुर्भुज हिस्सा काट लें कि उसमें आपके स्मार्टफोन का निचला हिस्सा आ जाये। इस हिस्से को काटने के लिए आप संबंधित क्षेत्र को अपने फोन को रखकर ट्रेस भी कर सकते हैं। यह स्लिट या खोल बस इतना बड़ा होना चाहिए कि उसमें फोन का निचला हिस्सा फिट हो जाये। 
इसके बाद आपको कप तैयार करने हैं। हर कप के साइड में छोटे गोल छेद काट लें, जो इतने बड़े हों कि उनमें ट्यूब के सिरे अंदर फिट हो जायें। उचित आकार का छेद बनाने के लिए कार्डबोर्ड ट्यूब के सिरों को कपों के निचले हिस्सों पर ट्रेस कर लें। कप ध्वनि को एम्पलीफाई करने का काम करेंगे। स्पीकर तैयार करने के लिए ट्यूब के एक सिरे को पहले कप के छेद में घुसा दें और दूसरे सिरे को दूसरे कप के छेद में घुसा दें। सुनिश्चित करें कि यह सही से फिट हुए हैं, और अगर ज़रूरत पड़े तो वाशी टेप से कप के छेदों के खुले हुए हिस्सों को बंद कर दें। अपने फोन के निचले हिस्से को ट्यूब में फंसा दें। कोई गीत प्ले करें और सुनें! आप नोट करेंगे कि वॉल्यूम और स्पष्टता में वृद्धि हुई है। ऐसा क्यों हुआ? ध्वनि उस समय उत्पन्न होती है जब कोई चीज़ कम्पन करती है। यह कम्पन हवा में लहर की तरह चलता है, जैसे समुंद्र में लहर ऊपर नीचे होते हुए चलती है। अंतर बस इतना है कि यह लहर हवा में है, पानी में नहीं। 
जब आप अपने स्मार्टफोन पर म्यूजिक प्ले करते हैं तो स्पीकर छोटे-छोटे कम्पन पैदा करता है, जो हवा में हर दिशा में यात्रा करते हैं। यह ध्वनि तरंगे काफी छोटी होती हैं और तेज़ी से फैलती हैं, जिससे ध्वनि खासी खामोश प्रतीत होती है। इस प्रोजेक्ट में हमने ध्वनि तरंगों पर फोकस किया, उन्हें पेपर टॉवल ट्यूब व कपों से चौनल करते हुए। ट्यूब ने ध्वनि तरंगों को फैलाने की बजाये एक दिशा में भेजा। फिर कपों ने उन्हें एम्पलीफाई किया। जब ध्वनि तरंगें कप से टकरा कर बाहर निकलीं तो वह अधिक शक्तिशाली थीं, जिससे संगीत अधिक ज़ोर से सुनायी देता है। है न कमाल का आपका स्पीकर?
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#साधारण चीज़ों से अपना फोन स्पीकर बनाएं