Nanda Devi Reached India:नंदा देवी जहाज गुजरात पहुंचा

 स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हमलों के डर से तेल और गैस संकट के बीच भारत ने राहत की सांस ली है. भारतीय एलपीजी कैरियर नंदा देवी मंगलवार को गुजरात के जामनगर स्थित वाडीनार पोर्ट (द्वारका जिला) पहुंच गया. यह 46,500 मीट्रिक टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस लेकर आया है. यह गैस एंकरिज पर शिप-टू-शिप ट्रांसफर के लिए लाई गई है. यानी आज से मदर वेसल एमटी नंदा देवी से डॉटर वेसल एमटी बीडब्लू बिर्च को एलपीजी ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होगी. दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन इस प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जहाज पर पहुंचे और उन्होंने नंदा देवी के कप्तान व क्रू से बातचीत की.

हालांकि नंदा देवी की यात्रा आसान नहीं थी. यह जहाज सऊदी अरब के Ras Al Khair से एलपीजी लेकर आया और इसे Strait of Hormuz से होकर गुजरना पड़ा. मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते ईरान ने इस जलडमरूमध्य में नौवहन पर कुछ प्रतिबंध लगाए थे. ईरान ने शुरुआत में होर्मुज़ से गुजरने वाले टैंकरों पर पाबंदियां लगाकर तेल और गैस की आपूर्ति को धीमा करने की कोशिश की थी. हालांकि, भारत को खाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाली अपनी एलपीजी खेप के लिए छूट मिल गई थी. भारत ने अपने शिप के आवागमन के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज किए और भारतीय टैंकर की लगातार निगरानी भी की.

नंदा देवी जहाज के मुख्य अधिकारी ने बताया कि यह पहल बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा की गई थी. इसमें भारतीय नौसेना और ईरानी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने में आवश्यक सहायता प्रदान की. आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि नंदा देवी के पहुंचने से गैस वितरण पर दबाव कम होगा, सिलेंडर बुकिंग का इंतजार घटेगा और घबराहट में हुई खरीदारी के कारण बढ़ी कीमतों पर लगाम लगेगी.

#नंदा देवी जहाज