हरियाणा के राज्यसभा चुनाव के बाद अंदरुनी कलह बढ़ी
पंचकूला। हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में मात्र 0.34 मतों के अंतर से जीती कांग्रेस में अंदरुनी कलह बढ़ गई है। विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी के उन नौ विधायकों के नाम कांग्रेस हाईकमान को सौंप दिए हैं, जिनके वोट निरस्त और क्रॉस हुए हैं।
कांग्रेस हाईकमान एक-एक कर इन विधायकों से जवाबतलबी करने के बाद पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा सकता है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कड़े फैसले लेने के लिए जाना जाता है।
ऐसे में इस बात की काफी हद तक संभावना है कि कांग्रेस पार्टी के साथ दगा करने वाले विधायकों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस कड़ी में हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान रामकिशन गुर्जर ने स्वयं ही पार्टी छोड़ दी। रामकिशन गुर्जर नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी के पति हैं, जिनका नाम क्रॉस वोटिंग में आ रहा है।
काफी हद तक संभव है कि कांग्रेस के इन नौ दागी और बागी विधायक मानसिक रूप से उपचुनाव के लिए तैयार हैं। कांग्रेस द्वारा किसी भी कार्रवाई करने की स्थिति में उनके पास भाजपा में जाने का रास्ता खुला है।

