देशभर में ईद का जश्न आज
रमजान के पूरे तीस रोजे और इबादतों के बाद शुक्रवार को ईद का चांद दिखाई दिया। मस्जिदों से जानकारी दी गई और आसमान में रंग-बिरंगे पटाखे दिखाई दिए। अकीदतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे और एक-दूसरे के गले लगकर चांद और ईद की मुबारकबाद दी। जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद समेत तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों में शनिवार को देशभर में हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-फितर का त्योहार मनाने का एलान कर दिया गया।
आज पूरे देश में ईद मनाई जा रही है। लोग ईद की नमाज़ पढ़ने के लिए मस्जिदों में इकट्ठा हो रहे हैं। ईद-उल-फितर के मौके पर राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा गरीब नवाज़ दरगाह शरीफ़ का 'जन्नती दरवाज़ा' सुबह 5 बजे खोला गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी। उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ईद-उल-फितर की हार्दिक बधाई। मुझे उम्मीद है कि यह दिन हर जगह भाईचारा और मेलजोल को और बढ़ाएगा। सभी खुश और स्वस्थ रहें।

