कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भगवान परशुराम चौक का लोकार्पण किया
कुरुक्षेत्र:-कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में आज कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भगवान परशुराम चौक का लोकार्पण किया। यह चौक अब शहर के मुख्य चौक के रूप में जाना जाएगा, जहां भव्य शंख के ऊपर भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित की गई है।डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में कहा कि यह ऐतिहासिक चौक बनाया गया है। शंख के ऊपर भगवान परशुराम जी की प्रतिमा को उजागर किया गया है। उन्होंने बताया कि जब शंख बजता है तो पूरा देश जगता है। भगवान परशुराम जी का होना जागरूकता की निशानी है। उनके आदर्शों को युवा पीढ़ी को याद रखना चाहिए और उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। आने वाली पीढ़ी को इन मूल्यों को अपनाना होगा।
इसके अलावा, डॉ. शर्मा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर कहीं न कहीं गुटबाजी है। हालांकि यह उनका आंतरिक मामला है, लेकिन कांग्रेस एक नैरेटिव सेट करती है। कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया सबको पता है। विधायक अपना वोट डालने के बाद सिर्फ अपने एजेंट को दिखाते हैं।

