शिवहर: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में डीडीसी बृजेश कुमार के आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी
शिवहर, 24 मार्च (वार्ता) बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी इकाई, शिवहर के वर्तमान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) -सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शिवहर के वर्तमान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) -सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं 13(1)(बी), 13(2) और 12 के तहत कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया गया है।
आरोप है कि बृजेश कुमार ने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए अवैध तरीके से लगभग एक करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनके ज्ञात आय स्रोतों से अधिक है।
सूत्रों ने बताया कि निगरानी की टीम ने आज सुबह ही कार्रवाई शुरू कर दी। निगरानी के विशेष न्यायाधीश की ओर से जारी सर्च वारंट के आधार पर एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर स्थित सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों में चल रही है।
इस छापेमारी के दौरान विशेष निगरानी की टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात और अन्य संपत्ति के साक्ष्य जप्त किये गये हैं।
निगरानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और पूरे मामले पर निगरानी विभाग की नजर बनी हुई है।

