तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत
पन्ना, 26 मार्च मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनहरा गांव में तालाब में डूबने से दो मासूम सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृत बच्चियों की पहचान आठ वर्षीय रागिनी और छह वर्षीय आशिकी के रूप में हुई है, जो अमानगंज क्षेत्र के रामपुर गांव से अपनी नानी के घर आई थीं।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर दोनों बहनें गांव के तालाब में अन्य बच्चियों के साथ नहाने गई थीं। इसी दौरान खेलते समय छोटी बहन आशिकी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में बड़ी बहन रागिनी भी पानी में कूद गई, लेकिन दोनों ही गहराई में समा गईं।
परिजनों के अनुसार काफी देर तक घर नहीं लौटने पर बच्चियों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद दोनों बच्चियां तालाब के गड्ढे में अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सं.दिनेश
वार्ता
नननन

