एफसीआरए के मुद्दे पर हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित




नयी दिल्ली 01 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा में विदेशी अंशदान विनियमन संशोधन विधेयक 2026 (एफसीआरए) के विरोध में विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी।
सदन की कार्यवाही शुरु होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल के लिए लोक जनशक्ति पार्टी की शांभवी चौधरी का नाम प्रश्न पूछने के लिए पुकारा तभी कांग्रेस समेत कुछ अन्य दलों के सदस्य अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर एफसीआरए के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि रेलवे गरीबों और मध्यम वर्ग की सवारी है। रेलवे में निवेश से गरीब और मध्यम वर्गों को फायदा मिल रहा है। रेलवे के 50 साल के इतिहास में सबसे कम दुर्घटना इस साल रहा है।

इस बीच श्री बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि यह प्रश्नकाल है। प्रश्नकाल में सभी सदस्यों के महत्वपूर्ण प्रश्न आते हैं और सरकार को जवाबदेह बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जब एफसीआरए सूची में आय़ेगा तो सभी को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा।संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि एफसीआरए विधेयक को लेकर केरल में जो गलतफहमी फैलायी गयी है वह सही नहीं है। एफसीआरए का सही इस्तेमाल करने और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर इसमें संशोधन किया जा रहा है। यह विधेयक किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है। विदेशों से आने वाले पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं हो इसलिए संशोधन लाया जा रहा है। कांग्रेस और वामपंथी चुनाव को देखते हुए केरल के लोगों को गुमराह कर रही है।

इस बीच हंगामा बढऩे का कारण सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी।

 

#एफसीआरए
# हंगामा स्थगित लोस