रादौर:अनाज मंडी का कृषि मंत्री ने किया निरीक्षण
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने गेहूं खरीद के मद्देनजर आज रादौर अनाज मंडी का निरीक्षण किया और किसानों, आढ़तियों व अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रादौर अनाज मंडी का निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर भाजपा सहित अन्य दलों के विधायक अपनी-अपनी नजदीकी मंडियों का दौरा कर रहे हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मंडी में एसडीएम, तहसीलदार और मंडी सचिव की मौजूदगी में व्यवस्थाओं की जांच की गई है। करीब 95 से 98 प्रतिशत पोर्टल वेरिफिकेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि किसान को मंडी में इंतजार न करना पड़े। वहीं, किसानों द्वारा सुबह 6 से रात 8 बजे तक गेट पास समय सीमा में बदलाव की मांग पर मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि गेहूं का सीजन धान से अलग होता है और कंबाइन दिन-रात चलती है, ऐसे में सरकार गेट पास प्रक्रिया को लचीला बनाने पर विचार कर रही है, ताकि किसी भी किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर इंतजार न करना पड़े।

