शिमला:पार्टी कार्यकर्ताओं को विनय कुमार की सख्त चेतावनी,BJP पर भी किया पलटवार   

 

शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों सरगर्मियों के साथ ही सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा विधानसभा में 31 मई से पहले चुनाव करवाने के ऐलान के बाद कांग्रेस अब पूरी तरह आक्रामक मोड में आ गई है। भाजपा द्वारा चुनाव टालने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने संगठन की मजबूती और कड़े अनुशासन का संदेश दिया है।

 कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने BJP द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब मुख्यमंत्री ने खुद सदन में 31 मई तक चुनाव कराने की प्रतिबद्धता जता दी है, तो भाजपा का शोर मचाना केवल 'विरोध के लिए विरोध' है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 95 प्रतिशत ग्रामीण जनता कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और बजट के प्रावधानों से संतुष्ट है, जिससे भाजपा डरी हुई है।

 

संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए विनय कुमार ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति पार्टी विरोधी गतिविधियों (Anti-party activities) में संलिप्त पाया गया, तो उसका नाम तत्काल अनुशासन समिति को भेजा जाएगा। चुनाव में पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

#शिमला
#BJP
# पलटवार