तकनीकी चरण में पहुंची अमेरिका-ईरान वार्ता, एक दिन बढ़ सकती है बातचीत
इस्लामाबाद, 11 अप्रैल - इस्लामाबाद में चल रही अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता अब तकनीकी चरण में प्रवेश कर गई है। यह संकेत देता है कि शुरुआती स्तर पर कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है और अब विशेषज्ञ स्तर पर विस्तार से चर्चा हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, जटिल मुद्दों पर चर्चा पूरी करने के लिए वार्ता को एक दिन और बढ़ाया जा सकता है। यह चरण तय करेगा कि समझौता अंतिम रूप ले पाएगा या नहीं।
आमने-सामने की वार्ता में वेंस के साथ विटकॉफ और कुशनर भी पहुंचे
व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य अमेरिकी अधिकारी इस्लामाबाद में ईरानी प्रतिनिधिमंडल से आमने-सामने मिले हैं। यह पहली बार है जब दोनों पक्ष सीधे बातचीत कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर भी आमने-सामने बातचीत में शामिल हुए हैं।

