Sukma में ‘Atal Arogya Lab’ की शुरुआत, स्वास्थ्य क्रांति से बदल रहा Chhattisgarh का हेल्थ सिस्टम
सुकमा, छत्तीसगढ़, 14 अप्रैल , छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचल सुकमा से एक ऐसी पहल की शुरुआत हुई है, जो राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने जा रही है। ‘अटल आरोग्य लैब’ के राज्यस्तरीय शुभारंभ के साथ ही अब इलाज से पहले होने वाली जांच की चिंता लगभग खत्म हो गई है। यह योजना प्रदेश के लाखों लोगों के लिए राहत और भरोसे का नया आधार बनकर उभरी है। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब प्रदेश के 1046 सरकारी अस्पताल, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 133 प्रकार की जांचें पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होंगी. इसका सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और रिमोट क्षेत्रों में रहने वाले उन मरीजों को मिलेगा, जिन्हें पहले जांच के लिए निजी लैब या बड़े शहरों का सहारा लेना पड़ता था. इस योजना की खास बात यह है कि ‘अटल आरोग्य लैब’ को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। अब मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि रिपोर्ट सीधे उनके मोबाइल पर SMS और WhatsApp के जरिए उपलब्ध होगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ इलाज भी तेजी से शुरू हो सकेगा। स्वास्थ्य सेवाओं में यह बदलाव केवल सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार लाने वाला है। ‘अटल आरोग्य लैब’ के माध्यम से सरकार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अब स्वास्थ्य सेवाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि गांव-गांव तक समान रूप से पहुंचेंगी। समय पर जांच, सटीक रिपोर्ट और बेहतर इलाज… इन तीनों के संयोजन से मरीजों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा. सुकमा जैसे नक्सल प्रभावित और दूरस्थ जिले से इस योजना की शुरुआत अपने आप में प्रतीकात्मक भी है और यह दर्शाता है कि सरकार विकास की मुख्यधारा में सबसे पिछड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में ‘अटल आरोग्य लैब’ न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाएगी, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को भी बेहतर करने में अहम भूमिका निभाएगी.

