चंबाघाट फ्लाईओवर पर बारातियों की स्कॉर्पियो पलटी, सभी सुरक्षित
सोलन के चंबाघाट फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बारात लेकर जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक पलट गई। जानकारी के अनुसार बारात परमाणु से सालोगड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन फ्लाईओवर पर पहुंचा, यह हादसा पेश आया। हादसे के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई।
गनीमत यह रही कि स्कॉर्पियो में सवार सभी बाराती पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। खुशी के माहौल में इस तरह की घटना से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को संभाला। क्रेन की मदद से वाहन को सीधा कर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया।

