चाकू की नोक पर 16 साल की बच्ची से दुष्कर्म, शादी में शामिल होने गई थी युवती

उत्तराखंड, 7 मई : समाज में लड़कियों के साथ लगातार दुष्कर्म के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसी ही एक बुरी खबर उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के चंपावत जिले से सामने आई है। अपने दोस्तों के साथ एक शादी में शामिल होने गई 16 साल की एक लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया।

उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, चाकू की नोक पर पीड़िता के साथ तीन लोगों ने दुर्व्यवहार किया, जिनमें एक स्थानीय राजनेता भी शामिल था। शादी समारोह से लापता हुई नाबालिगा को अगली सुबह एक सुनसान घर में पाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह बिना कपड़ों के मिली और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। अपराध के तुरंत बाद तीनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए।

पीड़िता के पिता द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद, चंपावत पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। इन लोगों की पहचान स्थानीय BJP नेता पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह के रूप में हुई है। उत्तराखंड पुलिस फिलहाल फरार चल रहे तीनों संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

#Uttrakhand
# Crime News