'रंगला से कंगला पंजाब बना दिया...' संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर बोले राघव चड्ढा
नई दिल्ली, 9 मई : राज्यसभा सांसद और BJP नेता राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। यह हमला पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ED की छापेमारी के बाद किया गया। राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि राज्य में बड़े पैमाने पर पैसों का दुरुपयोग है और जनता के भरोसे के साथ विश्वासघात किया गया है।
राघव चड्ढा ने कहा कि AAP ने पंजाब को "रंगला पंजाब" बनाने का वादा किया था, लेकिन इसके बजाय उसने "राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया" और इसे "कंगला पंजाब" बना दिया। ANI से बात करते हुए राघव ने कहा- "पंजाब को 'रंगला' बनाने का सपना दिखाकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के खजाने को कंगला बनाने का काम किया है। पंजाब के लोगों ने बहुत उम्मीदों के साथ AAP को सरकार चलाने के लिए बहुमत दिया था लेकिन ये बहुमत पंजाब को लूटने का नहीं था।"
"ये बहुत बड़ा धोखा है पंजाब के लोगों के बहुमत के साथ। AAP पूरी तरह से भ्रष्ट लोगों के हाथों में फंसकर रह गई है। जब हमने पार्टी के भीतर रह कर इन मुद्दों को उठाने का प्रयास किया तो हमें चुप करवा दिया गया। ये पंजाब के लोगों के साथ सबसे बड़ा धोखा है, सबसे बड़ी लूट है। एजेंसियां तो इसमें कार्रवाई करेंगी ही लेकिन असल कार्रवाई पंजाब के लोग करेंगे। ED की छापेमारी के दौरान बालकनी से एक बैग में 21 लाख रुपये नकद फेंके जाने और लगभग 100 करोड़ रुपये के फंड की हेराफेरी किए जाने की जो खबरें आ रही हैं, वे दिखाती हैं कि पंजाब में उन्हें मिले जनादेश के साथ यह एक बहुत बड़ा विश्वासघात था। AAP ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ विश्वासघात किया है।"

