बच्चों से मिलने को तरस रही सेलिना जेटली, पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR
मुंबई, 9 मई: मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली के पति पीटर हाग के खिलाफ FIR दर्ज की है। अभिनेत्री ने शिकायत में अपने साथ क्रूरता, शारीरिक उत्पीड़न, आपराधिक धमकी का आरोप लगाया था। मुंबई पुलिस ने ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 85, 115(2), 351(2) और 352 के तहत वर्सोवा पुलिस स्टेशन FIR दर्ज की है।
साथ ही उनके खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' (LOC) जारी किया है।
पिछले साल, अभिनेत्री सेलिना जेटली ने मुंबई की अंधेरी अदालत में अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। इसके साथ ही उन्होंने अपनी आय के स्रोत और संपत्ति के नुकसान की भरपाई के तौर पर 50 करोड़ रुपये और अन्य राशियों के मुआवजे की मांग की है। अपनी याचिका में सेलिना ने आरोप लगाया कि उनके पति उन्हें काम करने से रोकते थे और उन्होंने उनकी आर्थिक स्वतंत्रता तथा गरिमा छीन ली थी। सेलिना ने पीटर हाग पर यह भी आरोप लगाया है कि जब वह अपने नवजात बच्चे और अपने माता-पिता, जिनकी कुछ महीनों के अंतराल हुए निधन के बाद डिप्रेशन से गुजर रही थीं, तब पीटर ने उन पर मुंबई स्थित उनके घर का मालिकाना हक अपने नाम करने के लिए दबाव डाला था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने उनके साथ इमोशनली, फिजिकली बुरा बर्ताव किया, जिस वजह से उन्हें ऑस्ट्रिया में अपना घर छोड़कर अपने बच्चों के बिना भारत लौटना पड़ा।

