अमूल ने दूध की कीमतों में की बढ़ोतरी, प्रति लीटर 2 रुपए तक बढ़े दाम, 14 मई से लागू होंगी नई कीमतें
नई दिल्ली, 13 मई - अमूल ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। ये नए दाम 14 मई से लागू होंगे।
आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (जीसीएमएमएफ), जिसके स्वामित्व में आनंद मिल्क यूनियन लिमिटेड (अमूल) है, ने बुधवार को अमूल ब्रांड के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें 14 मई 2026 से पूरे देश में लागू होंगी।
जीसीएमएमएफ की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, अमूल दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति, अमूल टी स्पेशल और अन्य प्रमुख वैरिएंट्स पर लागू होगी।
अमूल ने बताया कि मई 2025 के बाद पहली बार दूध की कीमतों में इजाफा किया गया है। कंपनी के अनुसार, यह बढ़ोतरी औसतन 2.5 से 3.5 प्रतिशत के बीच है, जो सामान्य खाद्य महंगाई दर से कम है।
फेडरेशन ने कहा कि दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशु आहार, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में पिछले एक साल के दौरान काफी वृद्धि हुई है। इसी वजह से दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया।

